कम शुल्क में बड़ा अवसर: मेयो में पीजी की 37 नई सीटें बढ़ीं, चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, 9 विभागों में बढ़ाई गईं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सीटें

मेयो में पीजी की 37 नई सीटें बढ़ीं, चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, 9 विभागों में बढ़ाई गईं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सीटें
  • इसी वर्ष दूसरे राउंड से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया, मरीजों को भी मिलेंगे अधिक डॉक्टर
  • पैथोलॉजी विभाग को सबसे अधिक 11 नई सीटों का लाभ
  • 9 विभागों में बढ़ाई गईं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सीटें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मेयो) में स्नातकोत्तर (पीजी) चिकित्सा पाठ्यक्रमों की 37 नई सीटें बढ़ाई गई हैं। इस फैसले से चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए अवसरों का विस्तार होगा। खासकर सरकारी मेडिकल कॉलेज में अपेक्षाकृत कम शुल्क पर विशेषज्ञता हासिल करने का मौका मिलने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। वहीं, पीजी सीटों की संख्या बढ़ने से अस्पताल को भी अतिरिक्त रेजिडेंट डॉक्टर उपलब्ध होंगे, जिसका सीधा लाभ मरीजों की जांच और उपचार व्यवस्था को मिल सकता है।

9 विभागों में बढ़ाई गईं सीटें

मध्य भारत के प्रमुख और पुराने सरकारी चिकित्सा संस्थानों में शामिल मेयो अस्पताल में विदर्भ सहित आसपास के राज्यों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पीजी की 37 नई सीटों को चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।नई सीटों में पैथोलॉजी विभाग को सर्वाधिक 11 सीटें मिली हैं। इसके अलावा जनरल मेडिसिन और फिजियोलॉजी में 6-6, एनाटॉमी में 5, बायोकेमिस्ट्री में 3, कम्युनिटी मेडिसिन और फार्माकोलॉजी में 2-2 तथा एनेस्थीसिया और डर्मेटोलॉजी में 1-1 सीट बढ़ाई गई है। इस तरह कुल 9 विभागों में पीजी की सीटों का विस्तार हुआ है।

विद्यार्थियों के साथ मरीजों को भी मिलेगा लाभ

पीजी की सीटें बढ़ने से मेयो में विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करने की क्षमता बढ़ेगी। अधिक रेजिडेंट डॉक्टर उपलब्ध होने से विभिन्न विभागों में मरीजों की जांच, उपचार और देखभाल संबंधी कामकाज में सहायता मिलेगी। इससे अस्पताल की मरीज सेवा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। बढ़ाई गई सीटों पर इसी वर्ष प्रवेश प्रक्रिया के दूसरे राउंड से दाखिले शुरू किए जाएंगे।

कम शुल्क में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा का अवसर

डॉ. अविनाश गावंडे, अधिष्ठाता, मेयो अस्पताल ने बताया कि मेयो अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. अविनाश गावंडे के अनुसार, पीजी की 37 सीटें बढ़ने से देशभर के विद्यार्थियों को किफायती दरों पर चिकित्सा की उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को भी बेहतर उपचार सेवाएं मिल सकेंगी।


Created On :  

Tags

Next Story