ठगी: सस्ते तेल के नाम पर लगाया 10 लाख 88 हजार का तेल, मां-बेटी सहित कई लोगों को बनाया शिकार

सस्ते तेल के नाम पर लगाया 10 लाख 88 हजार का तेल, मां-बेटी सहित कई लोगों को बनाया शिकार
  • होटलकर्मी ने भाई और भतीजे की मदद से रची ठगी की साजिश
  • सोना गिरवी रखकर और कर्ज लेकर जुटाई थी रकम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सस्ते दाम पर खाने का तेल दिलाने का झांसा देकर मां-बेटी सहित कई लोगों से 10 लाख 88 हजार 400 रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस वारदात को एक होटलकर्मी ने अपने भाई और भतीजे की मदद से अंजाम दिया। तहसील थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पंचशील नगर निवासी पीड़िता नंदना वासनिक (50) पहले मोमिनपुरा स्थित एक होटल में हाउसकीपिंग का काम करती थीं। इसी दौरान उनकी पहचान आरोपी गफ्फुर अहमद अब्दुल रशिद शेख (45), निवासी मोमिनपुरा से हुई थी। वह भी उसी होटल में काम करता था।

सस्ते तेल का झांसा देकर जीता भरोसा

आरोप है कि गफ्फुर ने नंदना को बताया कि उसे हिंगणा की एक कंपनी से कम दाम पर खाने का तेल मिलता है। वह तेल खरीदकर बाजार में ऊंचे दाम पर बेचने से अच्छा मुनाफा कमा सकती हैं। उसके झांसे में आकर नंदना ने शुरुआत में तेल के 2 डिब्बे खरीदे। इसके बाद उन्होंने आरोपी को 10 से 15 डिब्बों का ऑर्डर दिया।

पुरानी पहचान और सहकर्मी होने के कारण नंदना ने आरोपी पर भरोसा कर लिया। कारोबार बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने अपना सोना गिरवी रख दिया और कुछ लोगों से कर्ज भी लिया।

रकम लेने के बाद तेल की आपूर्ति नहीं की

पीड़िता ने आरोपी, उसके भाई और भतीजे के बैंक खातों में नकद तथा ऑनलाइन माध्यम से कुल 10 लाख 88 हजार 400 रुपए जमा किए। यह लेन-देन 8 अगस्त 2025 से 14 अगस्त 2026 के बीच हुआ। इतनी बड़ी रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने तेल के डिब्बों की आपूर्ति नहीं की। बार-बार पूछने पर वे टालमटोल करते रहे। इसके बाद नंदना को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

इस मामले में तहसील पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी गफ्फुर और उसके भतीजे मुस्ताक अहमद (निवासी पांढरकवड़ा, जिला यवतमाल) के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Created On :  

Tags

Next Story