मुनाफे का झांसा: शेयर ट्रेडिंग में शिक्षिका को लगाया 74 लाख 36 हजार का चूना, दो महिला साइबर अपराधियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज

शेयर ट्रेडिंग में शिक्षिका को लगाया 74 लाख 36 हजार का चूना, दो महिला साइबर अपराधियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
  • अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई रकम
  • फर्जी अकाउंट और एग्रीमेंट बनाकर निवेश के नाम पर लगाई चपत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर दो महिला साइबर अपराधियों ने एक शिक्षिका को 74.36 लाख रुपए का चूना लगा दिया। आरोपियों ने शिक्षिका की पूरी जमापूंजी हड़प ली। मामला उजागर होने के बाद मंगलवार को साइबर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक उनका कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

नंदनवन ले-आउट निवासी 54 वर्षीय महिला पेशे से शिक्षिका हैं। यह धोखाधड़ी 11 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 के बीच हुई। शिक्षिका निवेश के विकल्प तलाशने के लिए सोशल मीडिया पर सर्च कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का विज्ञापन दिखाई दिया। संबंधित वेबसाइट पर जानकारी लेने के बाद मीरा कपूर और इशिता सिंह नामक महिलाओं ने उनसे संपर्क किया।

दोनों ने कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया और उन्हें अपने सोशल मीडिया ग्रुप में शामिल कर लिया। ग्रुप में अलग-अलग नामों और मोबाइल नंबरों से जुड़े सदस्य निवेश पर भारी मुनाफा होने का दावा कर रहे थे। इन दावों पर भरोसा कर शिक्षिका भी निवेश के लिए तैयार हो गईं।

फर्जी अकाउंट और एग्रीमेंट बनाया

आरोपियों ने शिक्षिका के नाम से एक फर्जी अकाउंट बनाया और फर्जी एग्रीमेंट भी तैयार किया। इसके बाद उनके बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में शिक्षिका ने कुल 74 लाख 36 हजार रुपए जमा कर दिए। ग्रुप में उनके निवेश पर मुनाफा दिखाया जा रहा था, लेकिन जब शिक्षिका ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो उन्हें सफलता नहीं मिली।

और रकम निवेश करने का बनाया दबाव

रकम निकालने में असमर्थता जताने पर आरोपी शिक्षिका पर और अधिक पैसे निवेश करने का दबाव बनाने लगे। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उन्होंने संबंधित बैंक और साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद मंगलवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Created On :  

Tags

Next Story