गड़बड़ी: पंढरपुर में एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, उड़ान नहीं भर सका - कार ने निकले पुणे

पंढरपुर में एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, उड़ान नहीं भर सका - कार ने निकले पुणे
  • कार से हुए पुणे रवाना, हेलीकॉप्टर का एक इंजन चालू नहीं हुआ
  • एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पंढरपुर दौरे के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई लौटने के लिए तैयार उनका हेलीकॉप्टर अचानक तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं भर सका। शिंदे कार्यक्रम पूरा करने के बाद हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर में भी बैठ गए थे। लेकिन पायलट के कई प्रयासों के बावजूद हेलिकॉप्टर का दूसरा इंजन शुरू नहीं हो पाया। जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर की बैटरी में तकनीकी खराबी आने के कारण यह समस्या पैदा हुई। हेलीकॉप्टर के उड़ान नहीं भर पाने के बाद सुरक्षा अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई। इसके बाद शिंदे सड़क मार्ग से पुणे के लिए रवाना हुए। बाद में पुणे से मुंबई विमान से पहुंचे।

एक इंजन चालू ही नहीं हुआ

उपमुख्यमंत्री के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शिंदे जिस हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले थे, उसमें दो इंजन थे। पायलट ने हेलीकॉप्टर शुरू करने की कोशिश की तो एक इंजन चालू हो गया, लेकिन दूसरा इंजन शुरू नहीं हुआ। जांच में बैटरी चार्ज कम होने की आशंका जताई गई। इसके बाद बैटरी चार्ज करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस तकनीकी समस्या के कारण शिंदे को करीब 20 से 25 मिनट तक हेलीपैड पर इंतजार करना पड़ा। काफी प्रयासों के बाद भी हेलीकॉप्टर उड़ान के लिए तैयार नहीं हुआ। आखिरकार उन्होंने जोखिम नहीं लेते हुए सड़क मार्ग से पुणे जाने का निर्णय लिया। इस घटना के बाद हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Created On :  

Tags

Next Story