रोजगार के अवसर: शिर्डी एयरपोर्ट परिसर में बनेगा 5 स्टार होटल, ताज समूह के साथ राज्य सरकार का करार

शिर्डी एयरपोर्ट परिसर में बनेगा 5 स्टार होटल, ताज समूह के साथ राज्य सरकार का करार
  • मुख्यमंत्री फडणवीस बोले- धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई दिशा
  • स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

डिजिटल डेस्क, मुंबई. राज्य के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल शिर्डी में पर्यटन और अन्य सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शिर्डी एयरपोर्ट परिसर में पांच सितारा होटल बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (ताज समूह) के बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में मंत्रालय में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि शिर्डी देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल है। श्री साईबाबा के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। शिर्डी एयरपोर्ट शुरू होने से इस क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। अब एयरपोर्ट परिसर में पांच सितारा होटल बनने से यात्रियों और साईं भक्तों को विश्वस्तरीय आवास एवं आतिथ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

फडणवीस ने कहा कि ताज समूह जैसे प्रतिष्ठित होटल उद्योग समूह की भागीदारी से शिर्डी एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी और टाटा समूह को इस परियोजना के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही अधिकारियों को शिर्डी एयरपोर्ट के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विकास से शिर्डी के धार्मिक पर्यटन और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। इस अवसर पर वन मंत्री गणेश नाईक, राज्यमंत्री आशीष जायसवाल, महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध निदेशक दीपक कपूर तथा ताज समूह के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Created On :  

Tags

Next Story