सियासी हलचल बढ़ी: महाविकास आघाड़ी में मतभेदों के बीच रोहित करेंगे अजित हादसे पर बड़ा खुलासा, परिसीमन विधेयक पर सुप्रिया के रुख से कांग्रेस-उद्धव गुट नाराज

महाविकास आघाड़ी में मतभेदों के बीच रोहित करेंगे अजित हादसे पर बड़ा खुलासा, परिसीमन विधेयक पर सुप्रिया के रुख से कांग्रेस-उद्धव गुट नाराज
  • परिसीमन विधेयक पर सुप्रिया सुले के रुख से कांग्रेस और उद्धव गुट नाराज
  • जितेंद्र आव्हाड की बेटी नताशा ने भी किया सुले के बयान का विरोध
  • अजित पवार की विमान दुर्घटना पर सोमवार को बड़े खुलासे करेंगे रोहित पवार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में महाविकास आघाड़ी के भीतर मतभेद और राकांपा (शरद) के विधायक रोहित पवार के नए ऐलान से हलचल तेज हो गई है। एक ओर परिसीमन विधेयक को लेकर सहयोगी दलों के बीच असहमति सामने आई है, वहीं दूसरी ओर दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लेकर रोहित पवार ने सोमवार को बड़े खुलासे करने के संकेत दिए हैं। इन दोनों घटनाक्रमों से राज्य का राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है।

परिसीमन पर सुले के बयान से सहयोगी दल असहज

परिसीमन विधेयक को लेकर राकांपा (शरद) की कार्याध्यक्ष सुप्रिया सुले के बयान ने महाविकास आघाड़ी में असहजता पैदा कर दी है। सुले ने कहा था कि यदि सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो उनकी पार्टी विधेयक का समर्थन करेगी। इस पर कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव) ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी विधेयक का समर्थन नहीं करेगी। वहीं, शिवसेना (उद्धव) की नेता और मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहयोगी दलों से चर्चा के बाद ही रुख स्पष्ट करना चाहिए।

नताशा आव्हाड ने भी जताया विरोध

सुप्रिया सुले के बयान का उनकी ही पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड की बेटी नताशा आव्हाड ने विरोध किया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विधेयक से विपक्ष की सीटें सीमित करने और भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए नुकसानदायक बताते हुए पार्टी से पुनर्विचार की अपील की। शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत ने भी नताशा के बयान की सराहना की।

अजित पवार की मौत पर रोहित के खुलासे का इंतजार

दूसरी ओर, अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत का मामला भी चर्चा में है। राकांपा (शरद) विधायक रोहित पवार ने सोमवार को इस मामले में बड़े खुलासे करने के संकेत दिए हैं। शनिवार को यशवंतराव चव्हाण सभागृह के पास लगे मफलर वाले पोस्टर ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया। रोहित पहले भी दुर्घटना को लेकर सवाल उठा चुके हैं और उन्होंने सीबीआई जांच की मांग दोहराई है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने की मांग भी की है। उनका कहना है कि अजित पवार ने पुणे जिले और महाराष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में उनके नाम पर बड़े प्रकल्प का नामकरण किया जाना चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story