व्यक्तिगत राय: फडणवीस पर आरोप लगाकर रोहित पवार पार्टी में अकेले पड़े, सुप्रिया सुले ने बनाई दूरी

फडणवीस पर आरोप लगाकर रोहित पवार पार्टी में अकेले पड़े, सुप्रिया सुले ने बनाई दूरी
  • रोहित ने पार्टी की ओर से नहीं की थी प्रेस कॉन्फ्रेंस
  • सुप्रिया सुले ने कहा - रोहित ने व्यक्तिगत रूप से रखी थी अपनी बात

डिजिटल डेस्क, मुंबई. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप लगाने के बाद राकांपा (शरद) विधायक रोहित पवार को अपनी ही पार्टी के नेताओं का खुलकर समर्थन मिलता नजर नहीं आ रहा है। पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने रोहित पवार के आरोपों से दूरी बनाते हुए स्पष्ट किया है कि उन्होंने पार्टी की अधिकृत प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की थी, बल्कि अपनी व्यक्तिगत राय रखी थी। सुले के इस बयान को मुख्यमंत्री फडणवीस पर लगाए गए आरोपों के मामले में रोहित पवार से पार्टी की दूरी के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल रोहित पवार ने सोमवार को पत्रकार परिषद में 'मफलर मैन' के रूप में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तस्वीर दिखाई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने वीएसआर कंपनी के मालिक की संपत्ति, उनके कथित आपराधिक संबंधों और विमान हादसे से जुड़े कई सवाल उठाए थे। इस मामले में उन्होंने सरकार की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए थे। रोहित के इन आरोपों के बाद भाजपा नेताओं की ओर से सवाल उठाया गया था कि क्या यह राकांपा (शरद) की आधिकारिक भूमिका है?

रोहित ने पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की

सुप्रिया सुले ने रोहित पवार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी की तरफ से कोई अधिकृत पत्रकार परिषद नहीं की थी। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से अपना मत रखा है। सुले ने कहा कि रोहित पवार ने खुद बताया है कि उन्होंने क्या देखा और क्या कहा। इसमें पार्टी के समर्थन की बात कहां से आती है? उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने रोहित पवार की पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं देखी है। अखबारों में जो खबरें प्रकाशित हुई हैं, उन्हीं के आधार पर उन्हें इस मामले की जानकारी है। वीएसआर कंपनी और विमान हादसे से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर जवाब देने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि वह नागरिक विमानन विशेषज्ञ नहीं हैं। इसलिए इस विषय पर तकनीकी जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं। सुले ने कहा कि इस मामले में देश में कई विशेषज्ञ हैं, जो तथ्यों के आधार पर अपनी राय दे सकते हैं। रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री से कुछ मांगें की हैं। अब सभी को संबंधित जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story