IPL 2027: मुंबई में फिर लौटेगा 'रोहित राज'..संभालेंगे टीम की कमान! MI की सोशल मीडिया पोस्ट से चर्चाएं तेज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) में बड़े बदलाव हुए हैं। हार्दिक पांड्या ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में चले गए हैं। इसके बाद से ही रोहित शर्मा के दोबारा टीम की कमान संभालने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी पोस्ट कर दी है, जिससे रोहित के कप्तान बनने की अटकलें और तेज हो गई हैं।
'मुंबईचा राजा'
मुंबई इंडियंस ने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें रोहित शर्मा की एआई जेनरेटेड फोटो लगी हुई है और उसके बैकग्राउंड में 'मुंबईचा राजा' लिखा है। फ्रेंचाइजी ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'सीजन 17 मुंबईचा राजा के लिए ब्लू एंड गोल्ड में! पलटन, #TATAIPL 2027 के लिए तैयार?'
फैंस कर रहे दोबारा कप्तान बनाने की डिमांड
इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बनाने की डिमांड करने लगे हैं। कुछ ने कमेंट में 'कैप्टन रोहित शर्मा' और 'कप्तान रोहित का नया दौर' भी लिखा। हालांकि रोहित शर्मा टीम के दोबारा कप्तान बनेंगे या नहीं, इसको लेकर अभी फ्रेंचाइजी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सबसे सफल कप्तानों में शुमार
रोहित शर्मा की गिनती आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में होती है। उनकी लीडरशिप में ही मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 आईपीएल सीजन का खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने 2013 से लेकर 2023 तक टीम की कप्तानी संभाली। इसके बाद के तीन सीजन यानि 2024, 2025 और 2026 में हार्दिक पांड्या मुंबई के कप्तान बने। अब जब हार्दिक मुंबई का हिस्सा नहीं हैं तो रोहित शर्मा के दोबारा कप्तान संभालने की संभावना जताई जा रही है।
Created On :  
