Maharashtra News: पुणे को मिली ऐतिहासिक और फिल्मी विरासत की सौगात, 'सुभाष बी. सणस विंटेज एंड क्लासिक कार म्यूजियम' का शुभारंभ

पुणे को मिली ऐतिहासिक और फिल्मी विरासत की सौगात, सुभाष बी. सणस विंटेज एंड क्लासिक कार म्यूजियम का शुभारंभ
ऑटोमोबाइल प्रेमियों और इतिहास के शौकीनों के लिए पुणे के कोरेगांव पार्क में एक और आकर्षण जुड़ गया है।

डिजिटल डेस्क, पुणे। ऑटोमोबाइल प्रेमियों और इतिहास के शौकीनों के लिए पुणे के कोरेगांव पार्क में एक और आकर्षण जुड़ गया है। देश और दुनिया की मशहूर हस्तियों से जुड़ी दुर्लभ गाड़ियों के संग्रह को सहेजने वाले ‘सुभाष बी. सणस विंटेज एंड क्लासिक कार म्यूजियम’ का उद्घाटन समारोह बड़े ही उत्साह के साथ संपन्न हुआ। 333 कोरेगांव पार्क, गली नंबर 6 स्थित सणस रेजीडेंसी में बने इस संग्रहालय का उद्घाटन राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल के हाथों किया गया। डॉ. सायरस पूनावाला, बालाजी राव, डॉ. शशांक शाह, रूपा और सुजय बरावकर, मैट गोमेन, श्रीकांत आपटे, नीलम एस. सणस, अर्णव एस., अविनाश साल्वी, डॉ. दीपक किरपेकर, डॉ. सत्यजीत नाईक आदि उपस्थित रहे।

स्व. इंदिरा गांधी की शेवरले इम्पाला

म्यूजियम की सबसे बड़ी खासियत यहां मौजूद 55 विंटेज कारों और ऐतिहासिक वाहनों का बेजोड़ संग्रह है। इसमें भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिष्ठित 1963 की ‘शेवरले इम्पाला’, हॉलीवुड सुपरस्टार अल पचिनो की 1977 की मर्सिडीज-बेंज 450 एसएल, महानायक अमिताभ बच्चन से जुड़ी मर्सिडीज-बेंज 350 एसएल, उद्यमी चिक्की पांडे की 1983 की मर्सिडीज-बेंज 280 एसएलसी और अभिनेता विनोद खन्ना की 1983 की मर्सिडीज-बेंज 300 सीडी शामिल हैं। इसके अलावा, सुपरहिट फिल्म बॉबी में ऋषि कपूर और डिंपल कपाड़िया द्वारा इस्तेमाल की गई मशहूर ‘बॉबी’ मोटरसाइकिल भी दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र है।

ऑटोमोबाइल के पुर्जों से बना रेस रॉक

उद्घाटन समारोह का आयोजन 'ऑडली पब' में किया गया, जिसे सुभाष सणस ने स्वयं डिजाइन कर एक खास रूफटॉप डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया है। इसके साथ ही पास में ही ‘रेस रॉक’ भी तैयार किया गया है, जिसे ऑटोमोबाइल के पुर्जों का रचनात्मक उपयोग कर बनाया गया है। कार्यक्रम का समापन स्नेहभोज के साथ हुआ। यह संग्रहालय वाहन प्रेमियों और पर्यटकों को क्लासिक गाड़ियों की कारीगरी और उनके सुनहरे इतिहास से रूबरू कराने का एक बेहतरीन माध्यम बनेगा।

Created On :  

Tags

Next Story