कार्रवाई: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस - लॉरेंस बिश्नोई गैंग के फाइनेंस मैनेजर अभिषेक पंडित पर कसा शिकंजा

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस - लॉरेंस बिश्नोई गैंग के फाइनेंस मैनेजर अभिषेक पंडित पर कसा शिकंजा
  • मुंबई क्राइम ब्रांच ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर
  • मास्टरमाइंड अनिल पंडित का भाई है अभिषेक
  • विदेश भागने की फिराक में आरोपी, करनाल से हुआ था फरार

डिजिटल डेस्क, मुंबई. अभिनेता टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में फरार चल रहे गैंग के फाइनेंस मैनेजर व वांटेड आरोपी अभिषेक पंडित पर शिकंजा कसते हुए उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर दिया है। क्राइम ब्रांच के अनुसार, अभिषेक इस पूरे फायरिंग कांड के मास्टरमाइंड अनिल पंडित का भाई है और वही इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के लिए फंडिंग व भुगतान की पूरी व्यवस्था संभाल रहा था।

विदेश भागने की फिराक में आरोपी, करनाल से हुआ था फरार

मुंबई क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एलओसी जारी करने की पुष्टि करते हुए बताया कि अभिषेक पंडित इस मामले में बेहद अहम कड़ी है, क्योंकि वह गैंग के पैसों का पूरा हिसाब-किताब देखता है। पुलिस को खुफिया इनपुट मिले थे कि गिरफ्तारी के डर से अभिषेक देश छोड़कर विदेश भागने की कोशिश कर सकता है। इसी आशंका को देखते हुए देश के सभी एयरपोर्ट्स और बंदरगाहों पर अलर्ट जारी करते हुए उसके खिलाफ एलओसी जारी किया गया है। इससे पहले जब मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम अभिषेक को दबोचने के लिए हरियाणा के करनाल पहुंची थी, तो वह पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार होने में कामयाब रहा था। हालांकि, पुलिस ने उसकी पत्नी सुनेहा पंडित को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

क्रिप्टो करेंसी, विदेशी खाते और गुप्त कोड का जाल

क्राइम ब्रांच की अब तक की तफ्तीश में अभिषेक पंडित के हाई-टेक फाइनेंशियल मॉड्यूल का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि अभिषेक विदेश से संचालित होने वाले एक क्रिप्टो करेंसी अकाउंट के जरिए इस पूरे नेटवर्क को चला रहा था। इसी माध्यम से विदेश से रकम मंगवाई जाती थी और फिर भारत में मौजूद शूटरों व अन्य आरोपियों तक पहुंचाई जाती थी। इसके अलावा वह गैंग के कई अन्य बैंक खातों को भी ऑपरेट कर रहा था।

भुगतान के लिए इस्तेमाल होते थे सीक्रेट कोड

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि अभिषेक और गैंग के गुर्गों के बीच पैसों के लेनदेन के लिए बेहद गोपनीय तरीका अपनाया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों को खास तरह के कोड दिए गए थे। जब कोई काम पूरा होता या पैसे की जरूरत होती, तो इन्हीं कोड के जरिए अभिषेक तक संदेश पहुंचता था, जिसके बाद वह रकम ट्रांसफर करता था। पुलिस का दावा है कि अभिषेक अपने इस नेटवर्क की आड़ में दो अन्य सक्रिय समूहों का भी संचालन कर रहा था। अधिकारियों का मानना है कि अभिषेक पंडित की गिरफ्तारी होते ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इस सिंडिकेट की फंडिंग और विदेशी मददगारों का पूरा कच्चा चिट्ठा पुलिस के हाथ लग जाएगा। फिलहाल क्राइम ब्रांच की कई टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Created On :  

Tags

Next Story