Maharashtra News: महाराष्ट्र में भू मापन के लिए 5 हजार निजी सर्वेक्षकों की होगी नियुक्ति, राज्य में 928 लाइसेंसधारी भूमापक कार्यरत, सबसे अधिक 319 पुणे मंडल में

डिजिटल डेस्क, पुणे। महाराष्ट्र में भू मापन की प्रक्रिया को तेज और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। भूमि अभिलेख विभाग की ओर से राज्यभर में 5 हजार निजी सर्वेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। पहल का मुख्य उद्देश्य भूमि मापन से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निपटारा करना और नागरिकों को महीनों तक इंतजार करने की समस्या से राहत दिलाना है। कुछ जिलों में इनकी संख्या बेहद कम है। निजी सर्वेक्षकों की नियुक्ति से इन जिलों में भूमि मापन कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों, जमीन मालिकों और अन्य लोगों को भू मापन के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। भूमि संबंधी विवादों और लंबित प्रकरणों के निपटारे में भी मदद मिल सकती है।
भंडारा जिले में एक भी लाइसेंसधारी भूमापक
भू मापन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए प्रत्येक जिले में प्रशिक्षित एवं लाइसेंसधारी भूमापक और सर्वेक्षण एजेंसियों की नियुक्ति की योजना बनाई गई है। आधुनिक तकनीक का उपयोग कर मापन कार्य को अधिक तेज, सटीक और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जाएगा। वर्तमान में महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में कुल 928 लाइसेंसधारी भूमापक कार्यरत हैं। इनमें पुणे मंडल के पांच जिलों में सबसे अधिक 319 भूमापक उपलब्ध हैं। इसके बाद नाशिक मंडल में 178, छत्रपति संभाजीनगर मंडल में 154, कोंकण मंडल में 96, नागपुर मंडल में 93 और अमरावती मंडल में 88 भूमापक कार्यरत हैं। कुछ जिलों में लाइसेंसधारी भूमापकों की संख्या बेहद कम है। जलगांव में छह, अमरावती और नंदुरबार में सात-सात, धुले और गोंदिया में आठ-आठ, सिंधुदुर्ग में नौ, जबकि चंद्रपुर और गढ़चिरौली में दस-दस भूमापक उपलब्ध हैं। भंडारा जिले में एक भी लाइसेंसधारी भूमापक नियुक्त नहीं है। जालना में केवल एक, जबकि हिंगोली और वाशिम में मात्र दो-दो भूमापक कार्यरत हैं। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य के विभिन्न जिलों में भूमापकों की उपलब्धता में काफी अंतर है।
यह भी पढ़े -फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, पशु तस्करी का भी पर्दाफाश, एलसीबी का अधिकारी बताकर लोगों से वसूल रहा था पैसे
भू मापन के कार्यों के निपटारे में बढ़ोतरी
भूमि अभिलेख विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में अप्रैल से सितंबर के बीच भू मापन से जुड़े कार्यों के निपटारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। वर्ष 2024-25 में इस अवधि के दौरान कुल 1 लाख 13 हजार 483 कार्यों का निपटारा किया गया था। वर्ष 2025-26 में यह संख्या घटकर 1 लाख 6 हजार 326 रह गई। हालांकि, वर्ष 2026-27 में इसमें उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई और निपटाए गए कार्यों की संख्या बढ़कर 1 लाख 59 हजार 117 हो गई। इस तरह वर्ष 2024-25 की तुलना में वर्ष 2026-27 में भू मापन के निपटाए गए कार्यों में 45 हजार 634 की वृद्धि दर्ज की गई है। यह बढ़ोतरी विभाग की कार्यक्षमता और भू मापन प्रक्रिया में तेजी लाने के प्रयासों की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Created On :  


