Maharashtra News: दुबई में फंसी महिला को राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल के प्रयासों से सुरक्षित निकाला गया

डिजिटल डेस्क, पुणे। नौकरी का झांसा देकर दुबई ले जाने के बाद गलत काम करने का दबाव डालकर बंधक बनाई गई एक महिला को केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के प्रयासों से सुरक्षित छुड़ा लिया गया है। विदेश मंत्रालय, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास और आईपीएफ महाहेल्पलाइन की मदद से इस महिला को भारत वापस लाया गया। मोहोल ने आशंका जताई है कि नौकरी का लालच देकर महिलाओं को विदेश ले जाने और उनके साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी बड़े गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। उन्होंने पुणे के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर इस मामले की गहन जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़े -खनन की अनुमति से पहले विधायक की अनुशंसा जरूरी? सचिन बिरला के पत्र पर सियासत तेज, कांग्रेस ने बताया 'शुद्ध लूट'
संबंधित महिला के पति मदद मांगने के लिए मोहोल के जंगली महाराज रोड स्थित कार्यालय आए थे। उन्होंने जानकारी दी कि उनकी पत्नी को दुबई में बंधक बना लिया गया है और उसका पासपोर्ट भी छीन लिया गया है। इसके बाद मोहोल के कार्यालय ने महिला से सीधा संपर्क साधा। परिवार पर कर्ज का बोझ होने और पति के दिव्यांग होने के कारण संबंधित महिला नौकरी के लिए दुबई गई थी। वाट्सएप के माध्यम से संपर्क में आए एक व्यक्ति ने उसे होटल में नौकरी और प्रतिमाह सवा लाख रुपए वेतन का झांसा दिया था। हालांकि, दुबई पहुंचने के बाद उस पर देह व्यापार करने का दबाव डाला गया। जब उसने इनकार किया, तो उससे पांच लाख रुपए की मांग की गई। उसका पासपोर्ट छीनकर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया।
यह भी पढ़े -भोपाल पुलिस महकमे में हड़कंप!, अतिरिक्त SP दीपक मिश्रा पर प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप, DGP से की शिकायत
किस स्थान पर है महिला, जुटाई जानकारी
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहोल ने तुरंत विदेश मंत्रालय से संपर्क किया और दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास की मदद से महिला को छुड़ाने के प्रयास शुरू किए। संयुक्त अरब अमीरात में महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधि और आईपीएफ महाहेल्पलाइन के प्रमुख राहुल तुलपुले से भी संपर्क किया गया। महिला ठीक किस स्थान पर है, इसकी जानकारी जुटाकर उसके साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया। भारतीय वाणिज्य दूतावास की मदद से उसका पासपोर्ट वापस हासिल किया गया, जिसके बाद महिला आरोपियों के चंगुल से बाहर निकल सकी। महाहेल्पलाइन के सदस्यों ने उसे सुरक्षित रूप से भारतीय वाणिज्य दूतावास पहुंचाया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोहोल के कार्यालय ने उसकी भारत वापसी के लिए हवाई टिकट की व्यवस्था की, जिसके बाद वह सुरक्षित मुंबई लौट आई। राहुल तुलपुले के साथ-साथ श्वेता करंदीकर, प्रसाद दातार और प्रसाद पाटिल ने महिला को छुड़ाने के लिए विशेष प्रयास किए।
Created On :  

