MP News: ग्वालियर में बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन, 3,600 करोड़ से अधिक का निवेश प्रस्ताव; 15 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज भोपाल स्थित होटल ताज लेकफ्रंट में आयोजित मध्यप्रदेश टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन ग्वालियर इन्वेस्टर मीट का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्वालियर में विकसित होने जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के दूसरे चरण का भी शुभारंभ किया गया।
लगभग 450.45 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन से मध्यप्रदेश में दूरसंचार उपकरणों के विनिर्माण को नई गति मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना के माध्यम से प्रदेश में औद्योगिक अधोसंरचना का विस्तार होगा और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।
यह भी पढ़े -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की मां चंबल की आरती, प्रदेश की निरंतर उन्नति, खुशहाली की कामना की
25 कंपनियों को सौंपे आशय पत्र
इन्वेस्टर मीट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 25 कंपनियों को आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) वितरित किए। इन कंपनियों की ओर से 3,600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं।
प्रस्तावित निवेश के माध्यम से प्रदेश में 15,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इससे विशेष रूप से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और ग्वालियर औद्योगिक एवं विनिर्माण गतिविधियों के एक नए केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा।
यह भी पढ़े -सरकार की तीसरी वर्षगांठ, मंत्रियों-विधायकों की परफार्मेन्स और 3 साल की उपलब्धियों पर होगा फोकस
दूरसंचार विनिर्माण को मिलेगा बढ़ावा
टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन की स्थापना से दूरसंचार उपकरणों के निर्माण, औद्योगिक निवेश और संबंधित उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल मध्यप्रदेश को विनिर्माण क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
Created On :  

