SGSU Expert Session: स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों को सिखाए कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी और जवाबदेही के गुर

स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों को सिखाए कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी और जवाबदेही के गुर
कैरियर कोच डॉ. परमजीत सिंह ने विद्यार्थियों को कॉरपोरेट जगत में जवाबदेही, कार्य के प्रति जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता के महत्व से कराया परिचित

भोपाल। स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (एसजीएसयू), भोपाल के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एवं इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के संयुक्त तत्वावधान में ‘अकाउंटेबिलिटी लैडर टू क्लाइंब न्यू हाइट्स ऑफ कॉरपोरेट लाइफ’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के शारदा सभागार में आयोजित इस सत्र में आईएसबी हैदराबाद एवं आईआईएम इंदौर के पूर्व विद्यार्थी और कैरियर कोच डॉ. परमजीत सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

सत्र के दौरान डॉ. परमजीत सिंह ने कॉरपोरेट जगत में जवाबदेही (अकाउंटेबिलिटी) के महत्व पर व्यावहारिक जानकारियां और अपने पेशेवर अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कार्यों की जिम्मेदारी लेना, अपने निर्णयों के प्रति जवाबदेह रहना और समस्याओं के बजाय उनके समाधान पर ध्यान केंद्रित करना किसी भी व्यक्ति की व्यावसायिक सफलता और करियर विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने वास्तविक कार्यक्षेत्र के उदाहरणों और संवादात्मक चर्चा के माध्यम से विद्यार्थियों को पेशेवर व्यवहार, निर्णय लेने की क्षमता और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि जवाबदेही का अर्थ केवल सौंपे गए कार्यों को पूरा करना नहीं है, बल्कि अपने निर्णयों, परिणामों और चुनौतियों की जिम्मेदारी लेना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पेशेवर अनुशासन, आपसी विश्वास और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि जवाबदेही एक सफल पेशेवर जीवन की बुनियादी आवश्यकता है। शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान और तकनीकी कौशल प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनमें जिम्मेदारी, नैतिक मूल्यों और अपने कार्यों के प्रति स्वामित्व की भावना विकसित करना भी है। ऐसे संवादात्मक सत्र विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के साथ कॉरपोरेट जगत की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. विजय सिंह ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक कॉरपोरेट वातावरण में कार्यस्थल की अपेक्षाओं को समझना और पेशेवर जवाबदेही विकसित करना विद्यार्थियों के लिए बेहद आवश्यक है। विश्वविद्यालय अकादमिक शिक्षा और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अनुभवी पेशेवरों और विशेषज्ञों के साथ विद्यार्थियों का संवाद उन्हें वास्तविक कार्यक्षेत्र की बेहतर समझ प्रदान करता है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सितेश कुमार सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जिम्मेदारी, अनुशासन, नैतिक आचरण और प्रभावी निर्णय क्षमता जैसे गुण विद्यार्थियों को एक भरोसेमंद पेशेवर और भविष्य का कुशल नेतृत्वकर्ता बनाने में सहायक होते हैं।

विशेषज्ञ व्याख्यान में विद्यार्थियों को कार्यों के प्रति जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना विकसित करने, अपने निर्णयों एवं परिणामों की जवाबदेही स्वीकार करने, समस्या समाधान की क्षमता बढ़ाने, पेशेवर अनुशासन बनाए रखने तथा नेतृत्व एवं करियर विकास में जवाबदेही की भूमिका को समझने के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया।

यह सत्र स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा। इसने प्रबंधन की सैद्धांतिक अवधारणाओं को कॉरपोरेट जगत की व्यावहारिक अपेक्षाओं से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को अपने कार्यों के प्रति जिम्मेदार और समाधान-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का समन्वय स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज की डॉ. हिमाद्रि श्रीवास्तव ने किया। स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एवं इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) ने डॉ. परमजीत सिंह के प्रति उनके बहुमूल्य ज्ञान एवं अनुभव साझा करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही, विश्वविद्यालय प्रबंधन, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

Created On :  

Tags

Next Story