MP News: सिवनी के एडिशनल एसपी-एसडीओपी समेत 6 सस्पेंड, छिंदवाड़ा रेंज डीआईजी करेंगे जांच

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सिवनी में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा का पैसे मांगने वाला वीडियो वायरल हाेने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सख्ती दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सबसे पहले है। मुख्यमंत्री डॉ यादव के निर्देश के बाद बुधवार को मप्र पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) ने दीपक मिश्रा समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। पीएचक्यू ने वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों को होटल के कमरे में मौजूद महिला एवं पुरुष से आपत्तिजनक एवं अनुचित तरीके से बातचीत करने और उनके सामान में मादक पदार्थ गांजा रखने की धमकी देने का जिक्र करते हुए निलंबन किया।
यह भी पढ़े -खनन की अनुमति से पहले विधायक की अनुशंसा जरूरी? सचिन बिरला के पत्र पर सियासत तेज, कांग्रेस ने बताया 'शुद्ध लूट'
इस प्रकरण की जांच के लिए उप पुलिस महानिरीक्षक, छिंदवाड़ा रेंज करेंगे। पीएचक्यू ने जांच प्रतिवेदन जल्द पेश करने के निर्देश दिए। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई बाद में तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि पुलिसकर्मियों द्वारा अनुचित आचरण एवं कदाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आया है। एएसपी, एसडीओपी सहित 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया।
यह भी पढ़े -ग्वालियर में बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन, 3,600 करोड़ से अधिक का निवेश प्रस्ताव; 15 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
इन्हें किया निलंबित
1. दीपक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सिवनी
2. चंचलेश मरकाम, एसडीओपी, सिवनी
3. निरीक्षक सतीश तिवारी, थाना प्रभारी, सिवनी
4. प्रधान आरक्षक 200 नवीन तिवारी, जिला पुलिस बल, सिवनी
5. आरक्षक (चालक) 606 कृष्णा परते, जिला पुलिस बल, सिवनी
6. आरक्षक 761 सलमान खान, 8वीं वाहिनी, विसबल, छिंदवाड़ा (बी कंपनी)
Created On :  

