'Akwan' Cyclone Update: तूफान 'अकवान' ने बदला रूट, अब आंध्र-ओडिशा के बीच होगी टक्कर, MP में दो दिन बारिश-आंधी की आशंका

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। चक्रवाती तूफान अकवान ने अपना रूट बदल लिया है। अब वह आंध्र प्रदेश की जगह आंध्र और ओडिशा के बीच तट से टकराएगा। पहले इसके गुरुवार को तट से टकराने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में इसे शुक्रवार कर दिया गया है। IMD (मौसम विभाग) के मुताबिक, अकवान शुक्रवार दोपहर आंध्र के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
यह भी पढ़े -मप्र में चक्रवात ‘अकवान’ मचाएगा हलचल, 20-21 नवंबर को आंधी-बारिश का अलर्ट, बालाघाट-डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी
80 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट
तूफान अकवान को देखते हुए ओडिशा के तटीय इलाकों में रहने वाले करीब 80 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। राज्य के 6 जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल और आंगनवाड़ी बंद रहेंगे। तटीय इलाकों में 74 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं।
ओडिशा-आंध्र में हो रही भारी बारिश
अकवान के असर से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। तूफान के रास्ता बदलने के बाद अब वह ओडिशा से होकर गुजरेगा। इस वजह से राजधानी भुवनेश्वर में तेज बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में गुरुवार और शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। NDRF की 13 और SDRF की 11 टीमें तैनात हैं।
ऐसे ही ओडिशा में 21 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में इसका ज्यादा असर हो सकता है। निचले इलाकों में पानी भरने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी हो सकता है।
यह भी पढ़े -अर्नब और मुरासु के बाद अब अकवान मचाएगा तबाही! 19 को आंध्र के तट से टकराने के आसार, तेज हवा और भारी बारिश की चेतावनी
एमपी में बारिश-आंधी की आशंका
अकवान तूफान का असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई देगा। राज्य के पूर्वी हिस्से में इसका ज्यादा असर रह सकता है। अगले दो दिन यानि 20-21 नवंबर को बारिश और आंधी की संभावना है।
बता दें कि इस तूफान का 'अकवान' नाम ईरान ने रखा है। इसका मतलब मयाबी राक्षस होता है, जिसका वर्णन फारस के मशहूर महाकाव्य शाहनामा में मिलता है।
Created On :  

