UN News: भारत ने संयुक्त राष्ट्र में फिर पाकिस्तान को घेरा, सेना को लेकर सुनाई खरी-खरी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक बार फिर पाकिस्तान को उसकी नीतियों पर आईना दिखाया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पी. हरीश ने पाकिस्तान की सेना पर निशाना साधते हुए कहा कि सैन्य हस्तक्षेप और पड़ोसी देशों के खिलाफ संघर्ष भड़काने की नीति का नुकसान अब खुद पाकिस्तान को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने इस्लामाबाद को सेना की भूमिका पर आत्ममंथन करने की नसीहत दी।
यह भी पढ़े -बांग्लादेश में हिंसा की आग! ढाका समेत 28 जिलों में बम धमाके, मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में भी आगजनी, सड़कों पर उतरी पुलिस
पी. हरीश ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संयुक्त राष्ट्र की आरिया-फॉर्मूला बैठक में दिए गए अपने संबोधन का वीडियो साझा किया। लाइबेरिया की ओर से आयोजित इस बैठक का विषय प्राकृतिक संसाधन और संघर्ष था। इसमें खनिज संसाधनों के प्रबंधन, महिलाओं की भागीदारी और प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार इस्तेमाल पर चर्चा हुई।
भारतीय राजदूत ने पाकिस्तानी प्रतिनिधि की ओर से सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाए जाने पर कहा कि भारत का रुख इस मामले में स्पष्ट है और वह विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपना पक्ष रख चुका है। उन्होंने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर की सितंबर 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात का भी जिक्र किया। उस दौरान मुनीर खनिज नमूनों से भरा लकड़ी का डिब्बा दिखाते नजर आए थे।
यह भी पढ़े -उप पुलिस महानिरीक्षक तरुण नायक बने पुलिस प्रवक्ता, मीडिया को देंगे विभाग से संबंधित आधिकारिक जानकारी
हरीश ने इसे प्राकृतिक संसाधनों के दोहन में पाकिस्तानी सेना की भूमिका का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान में लोकतांत्रिक शासन होता तो हालात अलग होते। सेना को पड़ोसी देशों के खिलाफ संघर्ष भड़काने के बजाय अपने देश के विकास पर ध्यान देना चाहिए।
बैठक में भारत ने किम्बर्ली प्रोसेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वर्ष 2026 में इसका अध्यक्ष भारत है। यह व्यवस्था संघर्षों के वित्तपोषण में इस्तेमाल होने वाले अवैध हीरा व्यापार को रोकने के लिए बनाई गई है। इसके अलावा भारत ने जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके जरिए खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और स्थानीय समुदायों के कल्याण के लिए काम किया जाता है।
Created On :  

