रूस में आसमान से बरसी मौत!: उड़ते विमान में लगी आग, क्रैश होते ही हुआ जोरदार धमाका, 17 की मौत, घटना पर इलाके के गवर्नर ने दी जानकारी

उड़ते विमान में लगी आग, क्रैश होते ही हुआ जोरदार धमाका, 17 की मौत, घटना पर इलाके के गवर्नर ने दी जानकारी
रूस से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। देश के केमेरोवो इलाके में एक विमान हादसा हो गया है। इसमें सभी 17 नागरिकों की जान चली गई है।

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। रूस से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। देश के केमेरोवो इलाके में एक विमान हादसा हो गया है। इसमें सभी 17 नागरिकों की जान चली गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान हवा में उड़ रहा था। इस दौरान उसमें अचानक आग लग गई। इसके बाद प्लेन तेजी से नीचे गिरने लगा और देखते ही देखते जमीन से टकरा गया। इससे मौके पर जोरदार धमाका हुआ। यह घटना इतनी भीषण बताई जा रही है कि विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।

क्षेत्र के गवर्नर ने घटना पर दी जानकारी

रूसी मीडिया रेन टीवी के मुताबिक, केमेरोवो क्षेत्र के गवर्नर इल्या सेरेड्यूक के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि स्थानीय समयानुसार रात करीब 9:30 बजे इस हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि प्लेन में आग लग गई थी और क्रू ने आखिरी समय तक विमान को रिहायशी बिल्डिंग से दूर ले जाने का प्रयास किया, ताकि जमीन पर किसी की जान-माल का नुकसान न पहुंचे। साथ ही बताया कि यह प्लेन साइबेरिया के नोवोसिबिर्स्क से क्रास्नोयार्स्क के कांसक की तरफ बढ़ रहा था।

1950 में हुआ था डिजाइन?

रिपोर्ट के मुताबिक, घटनास्थल पर एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर बनाया गया है। इसके अलावा मौके पर मेडिकल टीम, पुलिस, आपातकालीन सेवाएं और नेशनल गार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। अभी तक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि जो विमान घटना का शिकार हुआ है, वह एंटोनोव An-12 सोवियत काल का चार इंजन वाला सैन्य मालवाहक विमान है। इसका डिजाइन साल 1950 में किया गया था। इसका मुख्य तौर पर इस्तेमाल सैनिकों, सैन्य उपकरणों और सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए किया जाता है।

Created On :  

Tags

Next Story