बांग्लादेश में फिर भड़का मजदूरों का गुस्सा: 13 गारमेंट फैक्ट्रियों पर लटके ताले, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश में एक बार फिर कपड़ा उद्योग से जुड़े मजदूरों का आंदोलन तेज हो गया है। गारमेंट फैक्ट्रियों के कर्मचारी रविवार को वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। इसके बाद कई औद्योगिक इकाइयां खाली हो गई हैं। ताजा विरोध के चलते 13 गारमेंट फैक्ट्रियों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है, जबकि 5 अन्य फैक्ट्रियों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। फैक्ट्री मालिकों ने बताया कि औद्योगिक इलाके में कुल 50 फैक्ट्रियों का कामकाज प्रभावित हुआ है।
यह भी पढ़े -क्या दिसंबर में ढाका लौटेंगी शेख हसीना? दिल्ली ने तैयार किया वापसी का रास्ता! रहमान सरकार के सामने रखीं दो बड़ी शर्तें
प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई
राजधानी ढाका के पास रविवार को गाजीपुर के कोनाबाड़ी और मौचक क्षेत्र में मजदूर सड़कों पर उतर आए। इस दौरान उन्होंने एक गारमेंट फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कर्मचारियों को हटाने के लिए आंसू गैस और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8:30 बजे की गई। इसके बाद आसपास की दूसरी फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारी भी सड़कों पर उतर आए। इससे प्रबंधन को कई इकाइयां बंद करनी पड़ीं।
पुलिस अधिकारी ने क्या कहा?
गाजीपुर इंडस्ट्रियल पुलिस के सुपरिटेंडेंट अमजद हुसैन का कहना है कि रविवार सुबह मजदूरों ने कई इलाकों में जुटने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया। इसके अलावा औद्योगिक इलाकों के संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 13 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनके अलावा दंगा नियंत्रण पुलिस, स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन और अंसार बटालियन के जवानों को भी सुरक्षा में लगा दिया गया है। साथ ही 25 कार्यकारी मजिस्ट्रेटों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कपड़ा मजदूरों की मांग
बांग्लादेश में गारमेंट सेक्टर के मजदूर पिछले कई हफ्तों से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल उनका मासिक वेतन 12,500 टका है, जिसे बढ़ाकर 30,000 टका करने की मांग को लेकर वे सड़कों पर उतरे हैं। इस दौरान उनका कहना है कि खाने-पीने की चीजों, मकान के किराए, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद उनकी आमदनी इस अनुपात में नहीं बढ़ रही है।
Created On :  


