भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बड़ा अपडेट: भारतीय सामानों को मिलेगी कम टैरिफ की सौगात, मिस्र से पीयूष गोयल ने दी जानकारी

डिजिटल डेस्क, काहिरा। भारत और अमेरिका के बीच होने वाली ट्रेड डील पर बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इस संबंध में रविवार को एक बयान जारी किया है। इस दौरान उनका कहना है कि भारत का अमेरिका के साथ एक समझौता हुआ है। इसके तहत वह अपने बाजार में भारतीय सामान की पहुंच बनाने में मदद करेगा। इसके अलावा कम इंपोर्ट ड्यूटी का भी लाभ मिलने वाला है।
अंतिम रूप देने के लिए चर्चा जारी
समाचार एजेंसी ANI ने केंद्रीय मंत्री के हवाले से बताया कि दोनों देशों के बीच यह सहमति तब बनी थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के लिए एक फ्रेमवर्क का ऐलान किया था। फिलहाल इस डील के पहले चरण को अंतिम रूप देने के लिए चर्चा जारी है।
PM मोदी और ट्रंप को लेकर दी प्रतिक्रिया
पीयूष गोयल मिस्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने काहिरा में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच पहले ही इस बात पर सहमति बन गई थी। कुछ महीने पहले जब उन्होंने एक फ्रेमवर्क समझौते की घोषणा की थी, तब यह तय हुआ था कि भारत को अमेरिकी बाजार में विशेष व्यापार पहुंच मिलेगी और हमारे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में भारत को कम इंपोर्ट ड्यूटी देनी होगी।"
भारतीय सामानों को मिलेगा लाभ?
भारत और अमेरिका के बीच इसी साल फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए फ्रेमवर्क तैयार हो चुका था। इसके बाद जल्द ही दोनों देशों की ओर से इस पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद थी, लेकिन अमेरिकी टैरिफ ढांचे में बदलाव की वजह से इस पर बातचीत अटक गई है। हालांकि, हाल ही में एक भारतीय अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली को वॉशिंगटन से आश्वासन मिला था कि प्रस्तावित समझौते के तहत भारतीय सामानों को टैरिफ के मामले में लाभ मिलेगा।
Created On :  



