Quad meeting: जयशंकर का चीन को संदेश! सप्लाई चेन मजबूत करने और आर्थिक दबाव से निपटने पर जोर

जयशंकर का चीन को संदेश! सप्लाई चेन मजबूत करने और आर्थिक दबाव से निपटने पर जोर
क्वाड देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की रणनीति बनाई। जयशंकर ने महत्वपूर्ण खनिजों, ऊर्जा और तकनीक की सप्लाई चेन सुरक्षित करने के साथ गैर-बाजार प्रथाओं और आर्थिक दबावों से मुकाबले को प्राथमिकता बताया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अटलांटा में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता, आर्थिक सुरक्षा और मजबूत सप्लाई चेन को प्रमुख प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि क्वाड को अपने एजेंडे में अधिक व्यावहारिक और समकालीन दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है। साथ ही गैर-बाजार प्रथाओं और बढ़ते आर्थिक दबावों से निपटने पर जोर दिया।

एआई और महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग

बैठक में मंत्रियों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भरोसेमंद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तक पहुंच बढ़ाने के लिए 85 मिलियन डॉलर से अधिक की तकनीकी और वित्तीय सहायता देने की मंशा जताई। इसमें क्वाड एआई एक्सेलेरेटर के माध्यम से सहयोग भी शामिल है।

इसके अलावा भारत और आसियान देशों में कचरे से महत्वपूर्ण खनिज निकालने की सुविधाएं विकसित करने के लिए अमेरिका की ओर से 10 मिलियन डॉलर की सहायता का स्वागत किया गया। इसका उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक कचरे और कबाड़ से खनिज निकालकर किसी एक आपूर्तिकर्ता पर निर्भरता कम करना है। चारों देश रीसाइक्लिंग सामग्री के सीमा पार परिवहन को आसान बनाने पर भी काम करेंगे।

समुद्री सहयोग के तहत चारों देशों के प्रतिनिधियों ने 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच चेन्नई से पर्थ तक भारतीय तटरक्षक बल के गश्ती जहाज पर यात्रा की। गौरतलब है कि क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।

बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ हुई चर्चा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखना, समृद्धि को बढ़ावा देना और देशों की पसंद की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना क्वाड की साझा प्रतिबद्धता है।

जयशंकर ने तकनीक, महत्वपूर्ण खनिजों और ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूत सप्लाई चेन विकसित करने के लिए सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता जताई। इसके अलावा आतंकवाद विरोधी अभियान, समुद्री सुरक्षा और क्षमता निर्माण को क्षेत्रीय शांति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

Created On :  

Tags

Next Story