Airline News: एअर इंडिया और एक्सप्रेस का ऐलान, सऊदी अरब की फ्लाइट्स 14 नवंबर तक स्थगित

एअर इंडिया और एक्सप्रेस का ऐलान, सऊदी अरब की फ्लाइट्स 14 नवंबर तक स्थगित
खाड़ी क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने की अवधि बढ़ा दी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। खाड़ी क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने की अवधि बढ़ा दी है। अब यह अवधि 14 नवंबर तक पहुंच गई है। एयरलाइंस ने घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए जेद्दा, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानें 14 नवंबर, 2026 तक स्थगित कर दी गई हैं।

दोनों एयरलाइस ने पिछले हफ्ते किया था ये ऐलान

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में हाल के दिनों में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। ऐसे में सऊदी अरब में हवाई अड्डों समेत अन्य बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया गया है। इसे देखते हुए पिछले हफ्ते दोनों एयरलाइन कंपनियों ने ऐलान किया था कि रियाद और दम्माम के लिए 7 नवंबर तक और जेद्दा के लिए 31 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इनके अलावा इंडिगो और अकासा एयर ने भी सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने का फैसला लिया है।

एअर इंडिया ने क्या कहा?

एअर इंडिया ने शुक्रवार (30 अक्टूबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मामले में एक पोस्ट शेयर की है। इसमें बताया गया है, "जिन यात्रियों ने 30 अक्टूबर, 2026 या उससे पहले जारी किए गए टिकटों पर 14 नवंबर, 2026 तक की यात्रा के लिए कंफर्म बुकिंग कराई है, वे उपलब्धता के आधार पर एक बार बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं। यह सुविधा 29 नवंबर तक की यात्रा के लिए उपलब्ध होगी। इसके अलावा, यात्री अपनी बुकिंग रद्द करके पूरी राशि का रिफंड भी ले सकते हैं।"

यह भी पढ़े -बंगाल कोलकाता से यूरोप के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की दिशा में पहल का केंद्रीय मंत्री ने दिया भरोसा

बुकिंग को लेकर जानकारी साझा की

एयरलाइन ने बताया, "एअर इंडिया के यात्री सऊदी अरब में एयरलाइन के किसी भी ऑपरेशनल स्टेशन से आने-जाने के लिए अपनी बुकिंग दोबारा कर सकते हैं। वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री सऊदी अरब या बहरीन में कंपनी के किसी ऑपरेशनल स्टेशन से अपनी बुकिंग दोबारा कंफर्म करा सकते हैं।"

एअर इंडिया का कहना है, "रीबुकिंग और रिफंड से जुड़ी मदद के लिए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की टीमें उपलब्ध रहेंगी। यात्री कॉन्टैक्ट सेंटरों और शहरों के बुकिंग ऑफिसों के जरिए मदद प्राप्त कर सकते हैं।"

Created On :  

Tags

Next Story