मध्यावधि चुनाव से पहले ट्रंप पर रेप का आरोप: रिपब्लिकन पार्टी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, डेमोक्रेट नेताओं के निशाने पर प्रेसिडेंट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में 3 नवंबर 2026 को मध्यावधि चुनाव होंगे। मतदान से करीब एक सप्ताह पहले प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप पर लगे दुष्कर्म के आरोपों ने राजनीतिक बहस को नया मुद्दा दे दिया है। चुनाव से पहले यह मामला रिपब्लिकन उम्मीदवारों के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है। और सत्तारूढ़ ट्रंप की पार्टी को नुकसान पहुंचा सकता है, क्योंकि विपक्षी डेमोक्रेट पार्टी के नेता इसे महिलाओं की सुरक्षा, जवाबदेही और ट्रंप के पुराने विवादों से जोड़कर चुनाव में उठा सकते हैं। वे जांच, संबंधित दस्तावेजों को सार्वजनिक करने और आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग भी कर सकते हैं।
पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस केउल ने ट्रंप पर रेप का आरोप लगाया है, केउल ने दावा किया है कि 1993 में न्यूयॉर्क के एक होटल में ट्रंप ने उनके साथ दुष्कर्म किया था। हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेटिक सदस्यों की रिपोर्ट में इन आरोपों का उल्लेख है। व्हाइट हाउस ने आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें राजनीति से प्रेरित बताया है।
हालांकि आपको बता दें आरोपों का चुनाव पर कितना असर पड़ेगा, यह मतदाताओं की प्रतिक्रिया, स्थानीय मुद्दों और उम्मीदवारों के प्रचार पर निर्भर करेगा। व्हाइट हाउस के इनकार के बीच आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी काफी मायने रखेगी।
यह भी पढ़े -नोबेल प्राइज न मिलने पर फिर फूटा डोनाल्ड ट्रंप का गुस्सा, नॉर्वे को लेकर कहे अपशब्द, बताया घटिया देश
कौन हैं बीट्रिस केउल?
बीट्रिस स्विट्जरलैंड की पूर्व मॉडल हैं। उन्होंने 1992 में मिस स्विट्जरलैंड प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और बाद में मिस यूरोप प्रतियोगिता तक पहुंचीं। मॉडलिंग के अलावा वह वित्तीय सेवा क्षेत्र में भी काम कर चुकी हैं।
ब्यूटी पेजेंट के दौरान हुई थी मुलाकात
केउल के अनुसार, नवंबर 1993 में वह न्यूयॉर्क में एक ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा लेने पहुंची थीं। उन्हें डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकन ड्रीम पेजेंट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। यह प्रतियोगिता अटलांटिक सिटी और न्यूयॉर्क में आयोजित हुई थी। केउल ने आरोप लगाया कि इस आयोजन का इस्तेमाल युवा लड़कियों को निशाना बनाने के लिए किया गया था। उन्होंने इस केस में जेफरी एपस्टीन समेत कुछ अन्य लोगों का भी नाम लिया है।
केउल का दावा है कि उस वक्त वह 24 साल की थीं और ट्रंप ने उनके साथ जबरदस्ती करते हुए उन्हें चोटें पहुंचाईं। उन्होंने अमेरिकी संसद की हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के सदस्यों के सामने अपनी आपबीती सुनाई, हालांकि आरोपों को व्हाइट हाउस ने खारिज किया है। इस मामले के सामने आने के बाद बीट्रिस केउल का नाम चर्चा में है और लोग उनके बारे में जानना चाहते हैं।
यह भी पढ़े -शांति वार्ता को नई रफ्तार, अमेरिकी राष्ट्रपति के दूत से मुलाकात के बाद पुतिन त्रिपक्षीय बातचीत को राजी
वीजा और एडमिशन का दिया था भरोसा
केउल का कहना है कि न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में उनकी मुलाकात ट्रंप से हुई थी। उस समय ट्रंप होटल के मालिक थे। आरोप के मुताबिक, ट्रंप ने उन्हें अमेरिकी वीजा दिलाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने में मदद का भरोसा दिया था। इसी सिलसिले में होटल के कमरे में हुई मुलाकात के दौरान कथित घटना हुई।
केउल का दावा है कि बाद में ट्रंप ने वीजा और एडमिशन में मदद का हवाला देकर उन्हें चुप रहने को कहा। हालांकि, उन्होंने इस कथित मदद को ठुकरा दिया और ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा लेने के बाद स्विट्जरलैंड लौट गईं। ट्रंप पर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
ट्रंप पर कपड़े फाड़ने और चोट पहुंचाने का आरोप
बीट्रिस केउल का दावा है कि ट्रंप ने उनके साथ जबरदस्ती की, उनके कपड़े फाड़ दिए और इस दौरान उन्हें चोटें आईं। उन्होंने काफी खून बहने की बात भी कही है। केउल के आरोपों के बाद इंटरनेट पर उनके बारे में जानकारी खोजी जा रही है।
Created On :  

