Business relations: यूरोपीय संघ में कनाडा की नई एंट्री की तैयारी, बनेगा पहला एसोसिएट सदस्य, कई क्षेत्रों में मिलेगा व्यापक सहयोग

यूरोपीय संघ में कनाडा की नई एंट्री की तैयारी, बनेगा पहला एसोसिएट सदस्य, कई क्षेत्रों में मिलेगा व्यापक सहयोग
पूर्ण सदस्यता के बिना भी कनाडा को मिलेगा यूरोपीय संघ के साथ व्यापार, तकनीक और रक्षा सहयोग का अवसर; मॉन्ट्रियल शिखर सम्मेलन में 20 से अधिक नए उपायों पर बनी सहमति।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कनाडा और यूरोपीय संघ ने अपने संबंधों को नई दिशा देने में बड़ा कदम उठाया है। दोनों पक्ष कनाडा को यूरोपीय संघ का पहला ‘एसोसिएट सदस्य’ बनाने की योजना पर काम करेंगे। इस व्यवस्था के तहत कनाडा को पूर्ण सदस्यता तो नहीं मिलेगी, लेकिन उसे यूरोपीय संघ के साथ व्यापार, अर्थव्यवस्था, तकनीक, शिक्षा और रक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यापक सहयोग का मौका मिलेगा। आपको बता दें ईयू वस्तुओं और सेवाओं के बिजनस में कनाडा का दूसरा सबसे बड़ा साझेदार है। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक साल 2025 में दोनों के बीच कुल व्यापार करीब 178 अरब डॉलर का रहा।

ईयू अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने भी इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यूरोपीय संघ और कनाडा पूर्ण सदस्यता के अलावा हर संभव क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। कनाडाई पीएमओ के अनुसार, आगामी महीनों में एसोसिएट सदस्यता के स्वरूप, दायरे और शर्तों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

कनाडाई पीएम मार्क कार्नी ने कहा कि कनाडा और यूरोपीय संघ पूर्ण सदस्यता से अलग सबसे गहरी साझेदारी की ओर बढ़ रहे हैं। कार्नी के अनुसार, मॉन्ट्रियल में हुई बैठक में दोनों पक्षों ने 20 से अधिक नए उपायों पर सहमति बनी है। इनका उद्देश्य आर्थिक अवसर बढ़ाना, लोगों के लिए चीजें किफायती बनाना और दोनों पक्षों की संप्रभुता मजबूत करना है।

व्यापार और तकनीक में बढ़ेगा सहयोग

21वां कनाडा-यूरोपीय संघ शिखर समिट 29 और 30 अक्टूबर को मॉन्ट्रियल में आयोजित हुआ। इसमें कार्नी के साथ यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन शामिल हुईं। सम्मेलन के बाद दोनों पक्षों ने संयुक्त बयान जारी किया।

इस दौरान डिजिटल व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया गया और प्रतिस्पर्धा से जुड़े समझौते पर चर्चा पूरी हुई। कनाडा यूरोपीय हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग ज्वाइंट अंडरटेकिंग में भी शामिल हुआ है। इससे कनाडाई शोधकर्ताओं को यूरोप के अत्याधुनिक जुपिटर सुपरकंप्यूटर तक पहुंच मिल सकेगी।

खनिज, ऊर्जा और शिक्षा पर भी समझौता

दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसके तहत यूरोपीय निवेश बैंक कनाडा की महत्वपूर्ण खनिज परियोजनाओं में इनवेस्ट कर सकेगा। इसके अलावा यूरोप को कनाडा से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) का एक्सपोर्ट बढ़ाने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा। दोनों पक्षों के बीच नई ट्रांसअटलांटिक डेटा केबल बिछाने पर भी विचार होगा। शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में कनाडा यूरोपीय संघ के इरास्मस प्लस कार्यक्रम में व्यापक पार्टिसिपेट और अगले होराइजन यूरोप रिसर्च प्रोग्राम में शामिल होने के लिए बातचीत करेगा।

रक्षा क्षेत्र में भी मजबूत होगी साझेदारी

रक्षा सहयोग के तहत कनाडा ने यूरोपीय संघ की 'सिक्योरिटी एक्शन फॉर यूरोप' (SAFE) पहल के अंतर्गत अपना दूसरा बॉन्ड हासिल किया है। 4.4 करोड़ डॉलर से अधिक मूल्य के इस अनुबंध के तहत मॉन्ट्रियल की कंपनी गैल्वियन लातविया को सैन्य हेलमेट की सप्लाई करेगी।

178 अरब डॉलर तक पहुंचा दोनों का व्यापार

कनाडाई पीएमओ ने इसे लेकर कहा कि दुनिया पहले से अधिक असुरक्षित और विभाजित हो गई है। ऐसे में संप्रभुता की जरूरत और उसकी परिभाषा में बदलाव आया है। कार्नी ने ईयू के साथ साझेदारी को साझा इतिहास, समान मूल्यों और आपसी सम्मान पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि संप्रभुता का वास्तविक अर्थ किसी देश और उसके नागरिकों को अपनी शर्तों पर जीवन जीने की स्वतंत्रता देना है।

Created On :  

Tags

Next Story