US Israel News: ईरान पर दोबारा हमले की तैयारी में इजरायल? नेतन्याहू के दबाव के बीच अमेरिका पहुंचे मोसाद चीफ

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान के खिलाफ एक बार फिर सैन्य कार्रवाई शुरू करने को लेकर इजराइल और अमेरिका के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर ईरान के खिलाफ नए सिरे से हमले करने का दबाव बना रहे हैं। इसी बीच इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के प्रमुख रोमन गोफमैन शुक्रवार (13 अक्टूबर 2026) को वाशिंगटन पहुंचे।
अमेरिकी न्यूज वेबसाइट 'एक्सियोस' की रिपोर्ट के मुताबिक, गोफमैन की मुलाकात अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ से होनी है। इसके बाद वह व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से बातचीत करने के लिए मियामी भी जा सकते हैं। उनका यह दौरा ऐसे वक्त में हुआ है, जब ईरान के मुद्दे पर ट्रंप और नेतन्याहू के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं।
इससे पहले एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत के दौरान तीखी बहस हुई थी। हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय ने इस दावे को खारिज करते हुए खबरों को फर्जी बताया था। हालिया बयानों से भी दोनों नेताओं के रुख में अंतर दिखाई दे रहा है। कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी से मुलाकात के बाद ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत में सकारात्मक प्रगति होने की बात कही थी। उन्होंने फिलहाल नए सैन्य हमले टालने के संकेत भी दिए।
ईरान के शासन को खत्म करना चाहते हैं नेतन्याहू
ट्रंप ने फिलहाल ईरान के खिलाफ मौजूदा स्थिति बनाए रखने की बात कही है। वहीं, 'फाइनेंशियल टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू तेहरान पर दोबारा हमले शुरू कराने के लिए ट्रंप से लगातार संपर्क कर रहे हैं। वह कथित तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति को रोजाना फोन कर रहे हैं।
नेतन्याहू ने मंगलवार को इजराइली संसद में कहा था कि ईरान ने इजराइल को खत्म करने की अपनी मंशा नहीं छोड़ी है। उनके मुताबिक, इस खतरे को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए ईरान में अयातुल्ला के शासन को सत्ता से हटाना जरूरी है।
इस बीच दोनों नेताओं को घरेलू राजनीति में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इजराइल की 120 सदस्यीय संसद में नेतन्याहू के लिकुड पार्टी गठबंधन को करीब 53 सीटें मिलने का अनुमान है, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी 61 सीटों के बहुमत से कम है। दूसरी ओर, नवंबर में हुए अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस का नियंत्रण गंवा चुकी है।
चुनावी झटकों के बीच ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान को लेकर सतर्क नजर आ रहा है। अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि आर्थिक प्रतिबंधों और दबाव के जरिए भी ईरान को बातचीत के लिए तैयार किया जा सकता है।
यह भी पढ़े -एक बार फिर ग्लोबल म्यूजिक स्टेज पर छाएंगे दिलजीत दोसांझ, दुआ लीपा और मैडोना संग करेंगे परफॉर्म
होर्मुज जलडमरूमध्य बना तनाव की बड़ी वजह
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का एक प्रमुख केंद्र होर्मुज जलडमरूमध्य भी है। इसी साल फरवरी में अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया था। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और हितों को निशाना बनाया। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर रोक लगा दी।
इसके जवाब में अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी कर दी। इस घटनाक्रम के बाद से दोनों पक्षों के बीच संघर्ष लगातार गतिरोध में बना हुआ है। जून में युद्धविराम की रूपरेखा पर सहमति बनने की बात सामने आई थी, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही और ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके चलते यह समझौता ज्यादा समय तक कायम नहीं रह पाया। अब मोसाद प्रमुख का वाशिंगटन दौरा इस बात को लेकर अहम माना जा रहा है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ आगे क्या रणनीति अपनाता है।
Created On :  

