Persian Gulf News: फारस की खाड़ी में तेल टैंकर पर प्रोजेक्टाइल अटैक, जहाज में सवार 19 भारतीयों समेत 22 का रेस्क्यू

डिजिटल डेस्क, मोनरोविया। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बाद समुद्र में तनाव बना हुआ है। फारस की खाड़ी में एक और तेल टैंकर को निशाना बनाया गया है। लाइबेरिया के झंडे वाला कच्चे तेल का जहाज MT DOMINICA PROSPERITY बुधवार को प्रोजेक्टाइल हमले की चपेट में आ गया। यह घटना मीना साकर के पास की बताई जा रही है। इस जहाज पर 19 भारतीय नाविकों समेत कुल 22 क्रू मेंबर सवार थे। बताया जा रहा है कि UAE कोस्ट गार्ड ने सभी नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसकी पुष्टि भारत के केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर की है।
यह भी पढ़े -ईरान ने भारत के लिए खोला होर्मुज का रास्ता, बिना किसी रुकावट के गुजर सकेंगे जहाज, तेल-गैस की सप्लाई होगी आसान
मैनेजमेंट कंपनी से साधा संपर्क
पोस्ट के जरिए मंत्री ने बताया कि जहाज पर सवार सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। इसके साथ ही किसी के घायल होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार लगातार जहाज की मैनेजमेंट कंपनी के संपर्क में है, ताकि क्रू मेंबर्स की सुरक्षा, देखभाल और जरूरी सहायता सुनिश्चित की जा सके।
सर्बानंद सोनोवाल का कहना है कि UAE कोस्ट गार्ड ने तेजी से कार्रवाई की। इस दौरान जहाज पर तैनात सभी 22 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया। इनमें 19 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
एक और जहाज पर हुआ था हमला
इस घटना से पहले 10 नवंबर को लाइबेरिया के झंडे वाले एक अन्य जहाज MT FUJAIRAH ENERGY पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। यह टैंकर अल रुवैस से दुबई की तरफ बढ़ रहा था। यह भी फारस की खाड़ी से गुजर रहा था। इसी दौरान उस पर हमला हो गया। इसमें चार क्रू मेंबर घायल हो गए थे। इनमें एक भारतीय नाविक भी शामिल था। उन्हें मामूली चोटें आई थीं। सभी घायलों को मेडिकल जांच के लिए तट पर ले जाया गया था। इनके अलावा जहाज पर मौजूद बाकी 18 क्रू मेंबर सुरक्षित थे।
मंत्री ने आगे बताया था कि घायल नाविक की सुरक्षा को लेकर सरकार जहाज की मैनेजमेंट कंपनी के संपर्क में है। साथ ही उनकी सुरक्षा, मेडिकल देखभाल और सेहत पर नजर बनाए हुए है।
Created On :  


