पर्दे के पीछे इश्क!: 'बोर्डरूम' से 'बेडरूम' तक पहुंची मोहब्बत ने तबाह किया करियर! इन दिग्गज CEOs के अफेयर ने मचाया तहलका

बोर्डरूम से बेडरूम तक पहुंची मोहब्बत ने तबाह किया करियर! इन दिग्गज CEOs के अफेयर ने मचाया तहलका
ब्लू चिप कंपनियों के बोर्डरूम में करोड़ों रुपये की योजनाएं बनती हैं। शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव पर गहन मंथन होता है और कंपनियों को आगे बढ़ाने के लिए रणनीतियां तैयार की जाती हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ब्लू चिप कंपनियों के बोर्डरूम में करोड़ों रुपये की योजनाएं बनती हैं। शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव पर गहन मंथन होता है और कंपनियों को आगे बढ़ाने के लिए रणनीतियां तैयार की जाती हैं। लेकिन इन्हीं कॉरपोरेट गतिविधियों के बीच कुछ ऐसे 'अफेयर' भी पनप जाते हैं, जिनमें कंपनी के बड़े अधिकारी अपना दिल हार बैठते हैं। इन रिश्तों की चर्चा सिर्फ संबंधित देशों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि दुनियाभर में सुर्खियां बटोरती है। आइए जानते हैं कॉरपोरेट जगत के कुछ चर्चित अधिकारियों की प्रेम कहानियों के बारे में...

दिग्गज टेक कंपनी के CEO हुआंग

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। वह अपने कारोबार को लेकर नहीं, बल्कि कथित अफेयर को लेकर सुर्खियों में हैं। इसके साथ ही हुआंग नवंबर 2026 में अपनी पत्नी के सामने बेवफाई की बात स्वीकार कर चुके हैं। उन्होंने परिवार और सहकर्मियों से माफी भी मांग ली है।

उनके मामले में चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ कथित अंतरंग संबंधों की चर्चा है। एलिस सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की पूर्व वरिष्ठ अधिकारी रह चुकी हैं। यह कंपनी एनवीडिया के सबसे बड़े ग्राहकों में शामिल है।

कंपनी के CEO और HR हेड का खुला राज

कॉरपोरेट जगत की एस्ट्रोनॉमर कंपनी के CEO एंडी बायरन और कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर (HR हेड) क्रिस्टिन कैबोट का राज सबके सामने खुल गया। दोनों जुलाई 2025 में अमेरिका के बोस्टन में कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट में शामिल हुए थे। इस दौरान स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर घूमता हुआ 'किस कैम' दोनों पर आकर रुक गया। स्क्रीन पर दोनों एक-दूसरे की बांहों में नजर आए।

लेकिन जैसे ही कैमरे की नजर उन पर पड़ी, दोनों के चेहरे का रंग बदल गया। इस तरह क्रिस्टिन और बायरन की लव स्टोरी हजारों लोगों के सामने आ गई। इस घटना के बाद दोनों को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।

अमेजन के मालिक की प्रेम कहानी

अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की प्रेम कहानी ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसके चलते उन्होंने अपनी पत्नी मैकेंजी स्कॉट से शादी खत्म करने का ऐलान कर दिया था। बेजोस जिस महिला के प्यार में पड़े थे, वह पेशे से पत्रकार हैं और उनका नाम लॉरेन सांचेज है। दोनों की नजदीकियों की खबरें सामने आने के बाद सांचेज ने भी अपने पति पैट्रिक व्हाइटसेल से तलाक की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।

हालांकि, बाद में दोनों ने अपने रिश्ते को दुनिया के सामने स्वीकार कर लिया। इसके बाद मई 2023 में उन्होंने सगाई की और 27 जून 2025 को इटली के वेनिस में शादी कर ली।

बिल गेट्स के अफेयर की कहानी

माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स की निजी जिंदगी भी कॉरपोरेट जगत में लंबे समय तक चर्चा का विषय बनी रही। मई 2021 में गेट्स ने स्वीकार किया था कि करीब 20 साल पहले उनका माइक्रोसॉफ्ट की एक महिला कर्मचारी के साथ विवाहेतर संबंध था।

यह मामला ऐसे समय सामने आया था, जब कंपनी के बोर्ड ने इस संबंध को लेकर जांच शुरू की थी। इस दौरान मामला अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) तक भी पहुंचा था।

Created On :  

Next Story