US News: हेगसेथ पर महाभियोग की कोशिश नाकाम, ट्रंप ने प्रस्ताव के खारिज होने के बाद मैसी को बताया 'लूजर'

हेगसेथ पर महाभियोग की कोशिश नाकाम, ट्रंप ने प्रस्ताव के खारिज होने के बाद मैसी को बताया लूजर
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्तावों पर रोक लगने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने खुशी जताई। उन्होंने रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी को निशाने पर लेते हुए 'बड़ा लूजर' कहा। भविष्य में डेमोक्रेट्स के बहुमत वाली प्रतिनिधि सभा में हेगसेथ की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को महाभियोग से बचाने में कामयाबी मिली है। प्रतिनिधि सभा में महाभियोग प्रस्तावों पर रोक लगने के बाद ट्रंप ने राहत जताई और अपनी ही पार्टी के सांसद थॉमस मैसी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें 'बड़ा लूजर' करार दिया।

ट्रंप ने अपने दावे के समर्थन में वेनेजुएला और ईरान में मिली जीत, अमेरिकी सेना में रिकॉर्ड भर्ती और सैनिकों के बढ़ते उत्साह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती के लिए लंबी प्रतीक्षा सूची है और मौजूदा आंकड़े अमेरिकी सैन्य इतिहास में सर्वश्रेष्ठ हैं।

पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सदन के फैसले को हेगसेथ, युद्ध विभाग और अमेरिकी सैनिकों की बड़ी जीत बताया। उन्होंने एक्स पर कहा कि महाभियोग के प्रस्ताव निराधार और राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित थे। उनके मुताबिक, हेगसेथ का सैन्य नेतृत्व और सेना में योद्धा भावना मजबूत करने का रिकॉर्ड इन आरोपों को गलत साबित करता है। हालांकि, हेगसेथ के लिए राजनीतिक चुनौती पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। नए प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स का नियंत्रण होने की संभावना के बीच उनके खिलाफ महाभियोग की कोशिश फिर तेज हो सकती है।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में मंगलवार को हेगसेथ के खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्तावों पर मतदान हुआ। रिपब्लिकन सांसदों के समर्थन से प्रस्तावों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इस दौरान थॉमस मैसी को छोड़कर सभी रिपब्लिकन सांसदों ने हेगसेथ के पक्ष में मतदान किया।

मतदान के नतीजों के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर डेमोक्रेट्स की कोशिश को बुरी तरह नाकाम बताया। उन्होंने आगे लिखा कि मैसी को छोड़कर हर रिपब्लिकन सांसद ने हेगसेथ का समर्थन किया। ट्रंप ने हेगसेथ को महान अमेरिकी देशभक्त बताते हुए कहा कि वे आरोपों से बरी हो गए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story