ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम, राहुल गांधी बोले - रैली में आने से रोकने का हो रहा प्रयास

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. वोट चोरी को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'इंडिया' गठबंधन का 'सार्वजनिक महाभियोग' कार्यक्रम अब शनिवार को आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर होने वाले इस कार्यक्रम की तारीख में बारिश के चलते परिवर्तन किया गया है।
शुक्रवार को खरगे के आवास पर 'इंडिया' गठबंधन के विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पत्रकारों को बताया कि बारिश को देखते हुए सभी विपक्षी दलों ने सर्वसम्मति से कार्यक्रम को एक दिन आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि रविवार को रामलीला मैदान तक विपक्षी दलों की ओर से मार्च भी निकाला जाएगा, जिसमें सामाजिक संगठनों, सिविल सोसायटी, पत्रकारों और आम लोगों का भी स्वागत है। वोट चोरी के खिलाफ रविवार को दिल्ली में रामलीला मैदान तक होने वाले मार्च और रैली को लेकर राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले लोगों को गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़े -दिल्ली के व्यापारियों की नाराजगी, सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी, बोले- दिवाली पर ठप हो जाएगा हजारों करोड़ का कारोबार
राहुल गांधी ने कहा कि देश में बहुत ज्यादा गुस्सा और गहरा भावनात्मक दर्द है, क्योंकि लाखों लोगों से वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उद्योगपति अडानी व अंबानी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के लाभ के लिए जनता के वोट चुराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष का यह आंदोलन अलग-अलग विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक साझा लड़ाई है। पूरा विपक्ष एकजुट होकर संविधान, भारत के विचार और प्रत्येक नागरिक के वोट की रक्षा कर रहा है, जो सभी भारतीयों की अभिव्यक्ति है।
Created On :  

