हरी झंडी: टाटा मोटर्स ने अमेजन के साथ की साझेदारी, भारत में चलाएंगे 3 हजार इलेक्ट्रिक ट्रक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. टाटा मोटर्स और अमेजन ने ई कॉमर्स लॉजिस्टिकस के लिए 3,000 इलेक्ट्रिक ट्रक तैनात करने को लेकर साझदारी की है। दोनों कंपनियों ने मंगलवार को यहां संयुक्त घोषणा की। इस अवसर पर केन्द्रीय भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने ट्रकों के शुरूआती बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर कुमारस्वामी ने कहा कि भारत इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और विकसित भारत 2047 के सपने को पूरा करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमेजन और टाटा मोटर्स का यह सहयोग एक देशव्यापी लॉजिक्टिक्स नेटवर्क से लगातार आ रही मांग को दिखाता है जिसे भारत में बने इलेक्ट्रिक ट्रक पूरा कर रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम ई-ड्राइव, पीएलआई ऑटो और पीएलआई एसीसी जैसी योजनाओं के ज़रिए सरकार इस बदलाव को आगे भी समर्थन देती रहेगी।
अमेज़न के एशिया-पैसिफिक, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका और तुर्की के ऑपरेशंस वाइस प्रेसिडेंट अभिनव सिंह ने कहा कि अपने लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क में इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल करना 2040 तक नेट ज़ीरो कार्बन एमिशन हासिल करने के अमेज़न के लक्ष्य का अहम हिस्सा है। भारत में हम इस दिशा में काफी आगे बढ़े हैं, और 500 से ज़्यादा शहरों में हमारी 15,000 से अधिक इलेक्ट्रिक गाड़ियां चल रही हैं।
दिल्ली के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि ज़ीरो एमिशन वाले सार्वजनिक परिवहन को बढ़ाने से लेकर पूरी राजधानी में मज़बूत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने तक, दिल्ली ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर देश के बदलाव का नेतृत्व किया है। लॉजिस्टिक्स को कार्बन मुक्त बनाना परिवहन से होने वाले उत्सर्जन को घटाने की हमारी कोशिशों में अगला अहम कदम है। इससे दिल्ली की हवा सुधारने में भी मदद मिलेगी।
Created On :  

