CJP Protest: सीजेपी के समर्थन पर अन्नामलाई का यू-टर्न, कहा - हमने कभी समर्थन नहीं किया

सीजेपी के समर्थन पर अन्नामलाई का यू-टर्न, कहा - हमने कभी समर्थन नहीं किया
कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर पूर्व भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा कि उन्होंने कभी भी सीजेपी का समर्थन नहीं किया है। हाल ही में उन्होंने सीजेपी के समर्थन में बयान दिया था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर पूर्व भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा कि उन्होंने कभी भी सीजेपी का समर्थन नहीं किया है। हाल ही में उन्होंने सीजेपी के समर्थन में बयान दिया था।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता के. अन्नामलाई ने सीजेपी को समर्थन देने को लेकर नया बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह कभी भी सीजेपी का समर्थन नहीं करते हैं। लेकिन पिछले दिनों उन्होंने बयान दिया था कि वह सवाल उठाने को लेकर सीजेपी का समर्थन करते हैं। गुरुवार को अन्नामलाई ने कहा, 'हमने कभी भी कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन नहीं किया है। उनका एजेंडा अलग है, हमारा एजेंडा अलग है।'

के. अन्नामलाई पूर्व IPS अधिकारी हैं। वह तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले वे दक्षिण भारतीय राज्य में भाजपा के पोस्टर बॉय बने थे।

सीजेपी के बारे में पहले क्या बोले थे अन्नामलाई?

दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लेकर अन्नामलाई ने कहा था, 'हो सकता है कि मैं उनके तौर-तरीकों या विरोध प्रदर्शन के ढंग से सहमत न होऊं, लेकिन जो सवाल वे उठाना चाहते हैं, उस मामले में मैं पूरी तरह से CJP का समर्थन करता हूं। गिरफ्तार करके जेल में डालने से CJP के नेता और भी मजबूत ही होंगे।' इसके अलावा उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर कहा कि उन्हें SIR पर सवाल पूछने का अधिकार है।

भाजपा पर साधा था निशाना

तमिलनाडु के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भाजपा पर सवाल उठाया था। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा था, 'केंद्र सरकार यह भूल जाती है कि वह दिल्ली में 12 साल से अधिक समय से सत्ता में है और खुद को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए हर समय एक दुश्मन पैदा करती है। अफसोस की बात है कि यह एक तरस योग्य बात है।

उन्होंने सीजेपी पर लग रहे उन आरोपों को भी खारिज किया, जिसमें प्रदर्शन को देशविरोधी और विदेशी फंडिंग से जुड़ी बात की गई थी। उन्होंने कहा कि हर विरोध प्रदर्शन को देशविरोधी या बाहरी ताकतों द्वारा वित्तपोषित बताना अब बहुत थकाऊ और उबाऊ हो चुका है।

भाजपा ने किया पलटवार

के. अन्नामलाई भाजपा को लेकर लगातार टिप्पणियां करते नजर आ रहे थे। इस पर तमिलनाडु भाजपा के प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा में रहते हुए अन्नामलाई SIR का समर्थन करते थे और उन्होंने इसका काम भी देखा था। अब वह इसे लेकर अपना रुख पूरी तरह से बदल चुके हैं। भाजपा प्रवक्ता ने एक पुराने डिबेट को याद करते हुए बताया कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर के साथ एक डिबेट के दौरान अन्नामलाई ने SIR का बचाव भी किया था।

Created On :  

Tags

Next Story