UP MLC Elections 2026: मतदान के बीच सियासी संग्राम, गोरखपुर से आगरा तक सपाई-भाजपाई में भिड़ंत, सपा ने लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में 11 सीटों पर मतदान के बीच राज्य के कई जिलों से हंगामे और झड़प की खबरें सामने आई हैं। जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर, आगरा, सीतापुर, लखीमपुर, मैनपुरी, वाराणसी, मुजफ्फरनगर और गोरखपुर समेत कई जिलों में सपा और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बहाल करने में जुट गया है। वहीं, अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए तंज कसा है। समाजवादी पार्टी ने भाजपा नेता पर फर्जी मतदान और बूथ कैप्चरिंग का भी आरोप लगाया है।
यह भी पढ़े -PM नरेंद्र मोदी को पवन खेड़ा ने बताया 'नाराज फूफा', राहुल गांधी और कांग्रेस को लेकर दिया था ये बयान
वाराणसी-आगरा में सपा-भाजपा का हंगामा
वाराणसी में सपा के स्नातक प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा जब सदर तहसील स्थित मतदान केंद्र पहुंचे तो वहां गहमागहमी का माहौल बन गया। भाजपा समर्थकों ने आरोप लगाया कि आशुतोष बूथ पर प्रचार कर रहे थे। दोनों गुटों के बीच नोकझोंक बढ़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए माहौल शांत किया।
वहीं, आगरा के फतेहाबाद में समाजवादी पार्टी के समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ता पर बूथ के अंदर जाने का आरोप लगाया है। सपा का आरोप है कि भाजपा के लोग बैलेट पेपर पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में निशान लगवा रहे हैं।
सीतापुर और लखीमपुर में भी नोकझोंक
सीतापुर में सपा प्रत्याशी कांति सिंह के पोलिंग एजेंट ने आरोप लगाते हुए कहा कि एक महिला मतदाता का बैलेट पेपर छीनकर उसे बूथ से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद पूर्व भाजपा विधायक अनूप गुप्ता अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे तो दोनों दलों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।
वहीं, लखीमपुर के ईसानगर से पुलिस और सपा नेता के बीच झड़प की खबर सामने आई है। पुलिस ने मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर लगे सपा के पंडाल को हटाने का आदेश दिया। सपा समर्थकों ने इस आदेश को मानने से इनकार कर दिया। सपा ने आरोप लगाया कि भाजपा का टेंट मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन उसे नहीं हटाया गया।
यह भी पढ़े -कोलकाता पूजा पंडाल भगदड़ में घायलों को बचाने के लिए प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट किया गया सुवेंदु अधिकारी
फतेहपुर में बूथ लूटने का आरोप
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फतेहपुर में भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। सपा ने यह आरोप राज्य मंत्री कृष्णा पासवान और जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह पर लगाया है। अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भाजपा के लोग बूथ लूटने पहुंचे हैं। अखिलेश ने चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या आज चुनाव आयोग का अवकाश है। उन्होंने लिखा कि आयोग से अपील नहीं करेंगे, क्योंकि अपील उससे करते हैं, जिससे कोई उम्मीद हो।
Created On :  
