अरुणाचल प्रदेश बॉर्डर: चीन से शांति की बात, LAC पर तनाव बरकरार! ITBP के खुलासे पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा

चीन से शांति की बात, LAC पर तनाव बरकरार! ITBP के खुलासे पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा
भारत और चीन शांति की बात कर रहे हैं। लेकिन इस बीच एलएसी पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। इस पर आईटीबीपी के डीजी शत्रुजीत कपूर ने बड़ा खुलासा किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और चीन शांति की बात कर रहे हैं। लेकिन इस बीच एलएसी पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। इस पर आईटीबीपी के डीजी शत्रुजीत कपूर ने बड़ा खुलासा किया है। उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच अरुणाचल प्रदेश बॉर्डर पर कई बार दोनों तरफ की सेनाओं का आमना-सामना हुआ है, जो अभी भी जारी है। इससे पहले भारत और चीन के बीच डोकलाम में भी झड़प हो चुकी है। अब इस मामले में कांग्रेस ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है।

कांग्रेस ने केंद्र पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने डीजी शत्रुजीत कपूर के एक कार्यक्रम का वीडियो और एक अंग्रेजी अखबार की खबर पोस्ट की है। उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "खुद को विश्वगुरु कहने वालों ने चीन को छूट दे रखी है। आईटीबीपी के डीजी ने अरुणाचल प्रदेश में चीन की सेना के साथ हुई हालिया झड़पों में अपने जवानों के प्रदर्शन की तारीफ की है और यह बिल्कुल सही भी है। हालांकि, इस पूरे मामले पर प्रधानमंत्री की तरफ से चुप्पी साध ली गई है। यह हैरान करने वाली बात है।"

ITBP के डीजी ने झड़प पर क्या कहा?

कांग्रेस ने एक्स पर जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें आईटीबीपी के अधिकारी कहते हैं, "अरुणाचल प्रदेश के अंदर कई बार ऐसी परिस्थितियां बनीं, जब फेसऑफ हुआ, जो अभी भी चल रहा है। वहां पर हमारी शौर्य कमांडो टीमें हैं, उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। यह भी एक नई पहल थी। जैसा कि हम जानते हैं कि आईटीबीपी की शुरुआत एक माउंटेन गुरिल्ला फोर्स के रूप में हुई थी। उसके बाद हमने परंपरागत फोर्स के रूप में चीन बॉर्डर को संभाला है। अब गुरिल्ला वॉर की जरूरत नहीं है, लेकिन हमें हाई ऑल्टिट्यूड फोर्स के रूप में अपनी पहचान बनानी है।"

डोकलाम में दोनों देशों के बीच था लंबा तनाव

भारत और चीन के बीच साल 2017 में काफी दिनों तक तनाव बना हुआ था। दोनों देशों की सेनाओं के बीच डोकलाम में झड़प हुई थी। हालांकि, इसके कुछ समय बाद इलाके में शांति आई थी, लेकिन दोबारा तनाव फैल गया था। संसद में भी डोकलाम मुद्दे पर काफी बहस हुई थी। इस दौरान विपक्ष ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया था।

Created On :  

Tags

Next Story