NHRC सख्त: दिग्विजय सिंह की यात्रा में बच्चों के इस्तेमाल का आरोप, मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान

दिग्विजय सिंह की यात्रा में बच्चों के इस्तेमाल का आरोप, मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर अपनी यात्रा के दौरान बच्चों से राजनीतिक नारे लगवाने के आरोपों पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने संज्ञान लिया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर अपनी यात्रा के दौरान बच्चों से राजनीतिक नारे लगवाने के आरोपों पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने संज्ञान लिया है। आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) पेश करने का निर्देश दिया है। साथ ही, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव से भी मामले में जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।

बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन

आयोग के पत्र के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दिग्विजय सिंह ने अपनी यात्रा के दौरान बच्चों का इस्तेमाल किया और उनसे राजनीतिक नारे लगवाए। शिकायतकर्ता ने बताया कि कथित घटना के वीडियो और तस्वीरें 22 अक्टूबर को फेसबुक पर साझा किए गए थे। शिकायत में बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन की आशंका जताते हुए घटना की जांच कराने और जिम्मेदार आयोजकों तथा अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

आयोग ने प्रारंभिक तौर पर शिकायत में बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन से जुड़े आरोपों को गंभीर माना है। आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत मामले का संज्ञान लिया है।

यह भी पढ़े -भगवान राम ने रिश्तों का महत्व बताया और अपने आचरण से सदमार्ग पर चलने का दिया संदेश - मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्य सचिव और DGP को दिए निर्देश

आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी को निर्देश दिया है कि वे आरोपों की जांच कराएं और दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करें। अधिकारियों से यह भी कहा गया है कि बच्चों को किसी उद्देश्य के लिए इस्तेमाल करने के आरोपों और इसके बदले आर्थिक लेन-देन की आशंका की जांच की जाए। यदि कोई उल्लंघन सामने आता है, तो लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव को कथित वीडियो और तस्वीरों की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। आयोग ने मामले से संबंधित रिपोर्ट ईमेल के माध्यम से भी भेजने को कहा है।

Created On :   22 Oct 2026 11:07 PM IST

Tags

Next Story