मध्य प्रदेश न्यूज: 234 करोड़ का शाही जेट भोपाल पहुंचा, कर्ज और ब्याज के बीच विमान खरीदने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार का नया अत्याधुनिक जेट विमान बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंच गया है। करीब 234 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए इस विमान का इस्तेमाल मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी की यात्राओं के लिए किया जाएगा। हालांकि, विमान को नियमित उड़ान शुरू करने के लिए अभी करीब 45 दिन का इंतजार करना पड़ सकता है। पंजीयन, तकनीकी जांच और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की मंजूरी की प्रक्रिया बाकी है।
कर्ज के बीच जेट खरीदने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
सरकारी जेट की खरीद को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक का कहना है कि मध्यप्रदेश आर्थिक संक्रमण के दौर से गुजर रहा है। उनके मुताबिक, प्रदेश सरकार हर महीने करीब 4,000 करोड़ रुपये का कर्ज ले रही है और 28,000 करोड़ रुपये ब्याज के रूप में चुका रही है। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि बिगड़ी अर्थव्यवस्था के बीच इस तरह का वैभव करने की क्या जरूरत है।
बीजेपी ने बताया सरकारी कामकाज की जरूरत
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता सत्येंद्र जैन ने विमान की खरीद का बचाव करते हुए कहा कि यह जेट सरकारी कामकाज के लिए खरीदा गया है, ताकि मुख्यमंत्री प्रदेशभर में जाकर जनता की बेहतर तरीके से सेवा कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विमान किसी व्यक्ति विशेष के निजी इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि सरकारी कार्यों के लिए है।
विमान की खासियत और सरकार का दावा
बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 में नौ यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यह करीब 6,297 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है और 45 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंचने में सक्षम है। सरकार का दावा है कि अपने विमान के इस्तेमाल से चार्टर्ड विमानों पर होने वाला मासिक खर्च घटकर करीब एक-तिहाई रह जाएगा।
करीब पांच साल बाद मध्यप्रदेश सरकार एक बार फिर अपने विमान से वीआईपी यात्राएं शुरू करने की तैयारी में है। हालांकि, इस खरीद के साथ विमान की लागत, बीमा, रखरखाव और संचालन पर होने वाला खर्च भी चर्चा का विषय है।
Created On :   21 Oct 2026 4:44 PM IST












