Yusuf Pathan Land Dispute: यूसुफ पठान के पाला बदलते ही जमीन विवाद खत्म? TMC ने BJP को बताया 'वॉशिंग मशीन'

यूसुफ पठान के पाला बदलते ही जमीन विवाद खत्म? TMC ने BJP को बताया वॉशिंग मशीन
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बागी सांसद यूसुफ पठान के जमीन विवाद को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बागी सांसद यूसुफ पठान के जमीन विवाद को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है। गुजरात में जमीन विवाद सुलझने को लेकर टीएमसी ने यह बयान दिया है। पार्टी ने उनके मामले में कहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार असल में कुछ और नहीं, बल्कि एक वॉशिंग मशीन है।

जमीन पर कब्जा करने का थमाया था नोटिस

तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें गुजरात और केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी पर तीखा हमला किया गया। पार्टी ने पोस्ट में लिखा, "जब यूसुफ पठान TMC के सांसद थे, तब BJP ने उन्हें जमीन पर कब्जा करने का नोटिस थमा दिया था और जैसे ही उन्होंने TMC का साथ छोड़ा, वैसे ही अचानक से गुजरात सरकार ने उन्हें वही विवादित जमीन तोहफे में दे दी!"

पार्टी ने आगे बताया, "जमीन कब्जे के नोटिस से लेकर जमीन आवंटित करने तक, सिर्फ पाला बदलने की देर है। असल में BJP की डबल इंजन सरकार कुछ और नहीं, बल्कि डबल इंजन वॉशिंग मशीन है।"

क्या है पूरा विवाद?

गौरतलब है कि गुजरात के वडोदरा के तांदलजा क्षेत्र में 978 वर्ग मीटर के प्लॉट का मामला है। यह विवाद वडोदरा नगर निगम के साथ साल 2012 से चल रहा है। तब से यूसुफ पठान इस जमीन को खरीदने की मांग कर रहे थे। शुरुआत में निगम ने इस जमीन को बेचने पर सहमति दी थी, लेकिन गुजरात सरकार ने साल 2014 में नगर निगम के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।

कई सालों तक विवाद रहा जारी

इसके बाद इस जमीन को लेकर कई सालों तक विवाद चलता रहा। साल 2024 में यूसुफ पठान TMC के टिकट पर बहरामपुर से लोकसभा चुनाव लड़े और सांसद चुने गए। इसके बाद नगर निगम ने उन्हें इस जमीन पर से कब्जा हटाने और उसे खाली करने का नोटिस दे दिया था।

TMC ने BJP पर लगाए ये आरोप

हालांकि, TMC छोड़कर यूसुफ पठान NDA के सहयोगी दल NCP में शामिल हो गए हैं। इसके बाद अब TMC बीजेपी पर आरोप लगा रही है कि यूसुफ पठान के पार्टी का साथ छोड़ते ही गुजरात सरकार ने उन्हें यह जमीन तोहफे में दे दी है।

Created On :   21 Oct 2026 1:22 AM IST

Tags

Next Story