RSS पर वार: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संघ को बताया महिला विरोधी, BJP ने घेरा, विपक्षी गुट के नेताओं ने किया समर्थन

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संघ को बताया महिला विरोधी,  BJP ने घेरा, विपक्षी गुट के नेताओं ने किया समर्थन
RSS से जुड़े लोग और हर भारतीय जानता हैं कि संघ पुरुष प्रधान संस्थान है, देश की महिलाओं को सम्मान और बराबरी का हक मिले।

डिजिटल डेस्क , नई दिल्ली। आरएसएस पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान बाद राजनीति गरमा गई है। गांधी के बयान पर पक्ष-विपक्ष के नेता एक दूसरे पर निशाना साध रहे है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा RSS पुरुषों का एक ऐसा समूह है जो संविधान के खिलाफ है और मानता है कि औरतें पुरुषों की संपत्ति हैं। मैं शिव-शक्ति में विश्वास रखता हूँ। इसीलिए उनसे लड़कर मुझे बहुत खुशी मिलती है। सबसे अच्छी बात यह है कि उनकी अपनी ही कई औरतें मेरे साथ हैं।

इस पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा राहुल गांधी को न देश प्रेम से मतलब है और न राष्ट्र भक्ति से मतलब है। राहुल गांधी जैसे गैर-जिम्मेदार विपक्ष के नेता को RSS का पूरा चरित्र पता होना चाहिए जो राष्ट्र निर्माण के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना से सेवक के रूप में काम करते हैं। राहुल गांधी RSS पर क्या बोलेंगे? RSS के बारे में बोलने से पहले राहुल गांधी को अपना दिमाग सही कर लेना चाहिए और जानकारी रखनी चाहिए, अपना ज्ञान सुधारना चाहिए। इनको राष्ट्र भक्ति से, राष्ट्र प्रेम से कोई मतलब नहीं है तो वो यही सब अनाप-शनाप बोलेंगे।

कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने राहुल गांधी के बयान हकीकत बताया और कहा इसे RSS से जुड़े लोग भी जानते हैं, हर भारतीय भी जानते हैं कि यह पुरुष प्रधान संस्थान है, उसे लेकर राहुल गांधी ने उन्हें बताया और उन्हें हमारे संगठन का हवाला भी दिया कि हमने हर स्तर पर महिलाओं को भागीदारी दी है। पंचायतों से लेकर नगर निकायों में भी 33% महिलाओं को हिस्सा दिया है कि निति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी हो, ये राजीव गांधी की देन है, इसी इशारे में राहुल गांधी ने इस बात को उठाया।

शिवसेना(UBT) नेत्री प्रियंका चतुर्वेदी ने राहुल गांधी की RSS पर टिप्पणी को लेकर कहा, "देश की महिलाओं को सम्मान और बराबरी का हक मिले। ये सभी बातें विपक्ष और सरकार की जिम्मेदारी है, हमें महिलाओंं के सम्मान और महिला सशक्तिकरण के लिए राजनीति से ऊपर उठकर देखना होगा।

कांग्रेस नेता उदित राज ने राहुल गांधी के समर्थन में कहा जब आरएसएस बना तो उसके कुछ दिनों बाद ही आलोचना शुरू हो गई थी। इसमें महिलाएं नहीं थीं फिर राष्ट्रीय सेविका संघ बनाया गया था। राष्ट्रीय सेविका संघ का कर्तव्य था घरों में चूल्हा देखना और बच्चों को तैयार करना। RSS महिला विरोधी है। आज तक कोई सरसंघचालक या क्षेत्र प्रचारक महिला हुई हैं? RSS में महिलाएं हैं ही नहीं।

भाजपा नेता राम कदम ने कहा, "राहुल गांधी बार-बार RSS पर टिप्पणी करते हैं। राजनीति में उन्हें आरोप-प्रत्यारोप और कटाक्ष करने का पूरा अधिकार है मगर अध्ययन के साथ करें। क्या उनको यह पता नहीं है कि RSS में महिलाओं की भी एक शाखा है और पूरे देश में चलती है। पुरुष के साथ महिला भी उसी प्रधानता के साथ काम करती है। अधूरी जानकारी के साथ सुर्खियां बटोरने के लिए तुम कुछ भी एक्स हैंडल पर ट्वीट करोगे। कम से कम जानकारी तो ले लो, बाल-बुद्धि की तरह ट्वीट करना विपक्ष के नेता को शोभा नहीं देता है।

Created On :   21 Oct 2026 5:42 PM IST

Tags

Next Story