Rahul Gandhi Overseas Visit: राहुल गांधी के विदेश यात्रा के सवाल को शशि थरूर ने किया इग्नोर, कहा - मैं ट्रैवल एजेंट नहीं हूं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कथित विदेश यात्रा से जुड़े सवाल पर दो टूक जवाब दिया है। उनसे पूछा गया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, नई दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच विदेश क्यों गए हैं? इस पर थरूर ने कहा, 'मैं ट्रैवल एजेंट नहीं हूं। मुझसे यह सवाल पूछने का कोई मतलब नहीं है। मैं दिल्ली छोड़कर यहां क्यों आया? हर व्यक्ति की कुछ जिम्मेदारियां होती हैं इसलिए मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।'
यह भी पढ़े -बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन पर बड़ा खुलासा? अमेरिका पर शेख हसीना के बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी से जुड़े सवाल पर शशि थरूर ने दी प्रतिक्रिया
एसआईआर के मुद्दे पर थरूर ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'किसी को भी किसी व्यक्ति से उसका मतदान का अधिकार छीनने का हक नहीं है, लेकिन बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने एसआईआर की आड़ में यही किया है।' उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची से 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटा दिए गए और इनमें से केवल करीब 82,000 लोगों की अपीलों पर सुनवाई हुई।'
बता दें, बीजेपी के राहुल गांधी के विदेश यात्रा पर हमले के बाद शशि थरूर का यह बयान सामने आया है। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों के दौरान झूठ बोल-बोलकर थक जाने के बाद राहुल गांधी छुट्टियां मनाने चले गए हैं। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया, 'राहुल जी बहुत थके हुए थे। उन्होंने बहुत मेहनत की। कभी वे पुलिस स्टेशन गए, कभी ऑल इंडिया रेडियो के अंदर बैठे, कभी अपनी तस्वीरें खिंचवाने के लिए सड़क पर लेट गए, कभी पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और कभी किसी पत्रकार को जमीन पर गिरा दिया।'
यह भी पढ़े -संजय राउत की भविष्यवाणी, अप्रैल 2027 में गिर जाएगी मोदी सरकार! दशहरा रैली में BJP पर बरसे
संदीप दीक्षित ने बीजेपी पर किया पलटवार
दूसरी ओर, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने इस मुद्दे पर बीजेपी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'कौन कहां और कब यात्रा करता है, इसमें मुद्दा क्या है? क्या दूसरे लोग विदेश दौरा नहीं करते? राहुल गांधी एक व्यक्ति हैं और विपक्ष के नेता हैं। उनके अपने कर्तव्य हैं। वे येल विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत करते हैं, लंदन में छात्रों से मिलते हैं और वहां के बुद्धिजीवियों से संवाद करते हैं। वे प्रेस को इंटरव्यू भी देते हैं, जो प्रधानमंत्री नहीं करते हैं।'
Created On :   21 Oct 2026 6:52 PM IST













