Bangladesh News: बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन पर बड़ा खुलासा? अमेरिका पर शेख हसीना के बेटे ने लगाए गंभीर आरोप

बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन पर बड़ा खुलासा? अमेरिका पर शेख हसीना के बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
बांग्लादेश में करीब दो साल पहले शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इस मामले में अब एक बड़ा दावा सामने आया है, जिसमें बताया जा रहा है कि उनकी सरकार गिराने में अमेरिका का हाथ था।

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश में करीब दो साल पहले शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इस मामले में अब एक बड़ा दावा सामने आया है, जिसमें बताया जा रहा है कि उनकी सरकार गिराने में अमेरिका का हाथ था। यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में रह रही हैं। इस दौरान उनके बेटे ने बताया कि उनकी मां की सरकार गिराने के लिए अमेरिका के तत्कालीन बाइडेन प्रशासन ने कथित तौर पर 50 मिलियन डॉलर यानी 4 अरब रुपये से भी ज्यादा की फंडिंग की थी। शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय ने यह बयान वाशिंगटन में सेंटर फॉर यूएस-बांग्लादेश रिलेशंस की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया है। हालांकि, इस दौरान उन्होंने कोई सबूत पेश नहीं किए।

बाइडेन प्रशासन पर लगाए आरोप

सजीब वाजेद जॉय ने कहा कि तत्कालीन बाइडेन प्रशासन ने कथित तौर पर अमेरिकी एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (USAID) के जरिए करीब 5 करोड़ डॉलर यानी 50 मिलियन डॉलर की फंडिंग की थी। इसका इस्तेमाल उनकी मां की सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए किया गया था।

इस दौरान उन्होंने नेशनल डेमोक्रेटिक इंस्टीट्यूट और इंटरनेशनल रिपब्लिकन इंस्टीट्यूट का भी जिक्र किया। साथ ही आरोप लगाया कि इन संगठनों ने प्रदर्शन से जुड़े कुछ समूहों को इकट्ठा करने और उन्हें ट्रेनिंग देने का काम किया था।

मुहम्मद यूनुस को घेरा

शेख हसीना के बेटे ने आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिकी दबाव के कारण मुहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार की कमान सौंपी गई। उनको यह जिम्मेदारी सौंपने में ढाका में अमेरिकी राजदूत का प्रमुख योगदान रहा है।

देश की सुरक्षा पर जताई चिंता

जॉय ने दावा करते हुए कहा कि शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश में कुछ चरमपंथी संगठनों की गतिविधियां बढ़ी हैं। साथ ही बताया कि विदेशी नागरिकों पर हमलों से जुड़े कुछ कैदियों को भी छोड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कुछ लोग बांग्लादेश के सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई दिए हैं। उनके मुताबिक, ये घटनाक्रम पूरे भारत और पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय हैं। बांग्लादेश के चीन के साथ बढ़ते संबंधों पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हसीना के सत्ता से हटने के बाद चीनी कंपनियों को फायदा पहुंचाया गया है।

Created On :   21 Oct 2026 5:55 PM IST

Tags

Next Story