US News: पुतिन से समझौता करे यूक्रेन! ट्रंप ने जेलेंस्की को दी सख्त नसीहत, जेलेंस्की तैयार नहीं हुए तो होगा बुरा अंजाम

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से रूस के साथ युद्ध खत्म करने के लिए समझौता करने को कहा है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर यूक्रेन बातचीत के लिए तैयार नहीं होता है, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि रूसी सेना लगातार आगे बढ़ रही है और युद्ध के मैदान में बड़े भूभाग पर कब्जा कर चुकी है।
यह भी पढ़े -एआई ने बनाई दुनिया की पहली 3D प्रिंटेड गन! पहली टेस्टिंग में 3 में से 2 बार चली गोली, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि युद्ध खत्म करने की इच्छा यूक्रेन को दिखानी होगी। उन्होंने कहा, "यूक्रेन को इस युद्ध को खत्म करने के लिए तैयार होना होगा। जेलेंस्की को इस युद्ध को खत्म करने की इच्छा रखनी होगी। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो मुझे लगता है कि इसका बहुत बुरा नतीजा होगा।"
जेलेंस्की के उस बयान पर भी ट्रंप ने नाराजगी जताई, जिसमें उन्होंने अमेरिकी प्रशासन को इतिहास के गलत पक्ष में बताया था। ट्रंप ने कहा, "जेलेंस्की को नहीं पता कि वह क्या कह रहे हैं। उन्हें बहुत पहले ही यह युद्ध खत्म कर लेना चाहिए था। अगर उन्होंने मेरी बात सुनी होती, तो काफी पहले बेहतर समझौता कर लिया होता।"
यह भी पढ़े -फ्रांस में हिंसा पर भड़के ट्रंप, मैक्रों को दी चेतावनी, बोले- जल्द मुस्लिम शहर बन जाएगा पेरिस
ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय बैठक का प्रस्ताव भी रखा है। उन्होंने कहा कि नवंबर में चीन यात्रा के दौरान परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी बैठक अभी औपचारिक रूप से तय नहीं हुई है। ट्रंप ने संकेत दिया कि इस बैठक में जेलेंस्की की मौजूदगी जरूरी नहीं है। इससे पहले रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने समाचार एजेंसी तास के हवाले से कहा था कि ट्रंप और पुतिन चीन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात कर सकते हैं।
ट्रंप ने यूक्रेन को दी गई अमेरिकी आर्थिक सहायता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमेरिका ने बड़ी रकम खर्च की है, लेकिन उसे बदले में कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अमेरिकी करदाता इस खर्च से थक चुके हैं। ट्रंप ने दावा किया कि रूस समझौता करना चाहता है, लेकिन उसकी सेना हर सप्ताह आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि युद्ध में भारी जनहानि हुई है और यूक्रेन को संघर्ष समाप्त करने के लिए बातचीत की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
Created On :   21 Oct 2026 10:05 AM IST













