कारोबार ठप?: पाकिस्तान का बड़ा फैसला! ईरान के साथ दो बॉर्डर क्रॉसिंग बंद, LPG संकट का खतरा, दोनों देशों के बयानों में अंतर

पाकिस्तान का बड़ा फैसला! ईरान के साथ दो बॉर्डर क्रॉसिंग बंद, LPG संकट का खतरा, दोनों देशों के बयानों में अंतर
पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरान के साथ कारोबार के अहम बॉर्डर मार्गों पर व्यापार अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है।

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरान के साथ कारोबार के अहम बॉर्डर मार्गों पर व्यापार अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है। बंद किए गए रास्तों में गब्द-रिमदान और तफ्तान बॉर्डर क्रॉसिंग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने यह फैसला सुरक्षा चिंताओं और तस्करी रोकने के लिए लिया है। इसका असर LPG की सप्लाई पर देखने को मिल सकता है, क्योंकि इन्हीं मार्गों के जरिए ईरान से पाकिस्तान में गैस आती है।

पाकिस्तान का यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब इन रास्तों से LPG, चावल, ताजे फल सहित जरूरी सामान की आवाजाही होती है। रिपोर्टों के मुताबिक, सीमा के दोनों तरफ सैकड़ों मालवाहक गाड़ियां फंस गई हैं। हालांकि, व्यापार बंद होने को लेकर दोनों देशों के बयानों में अंतर देखने को मिला है।

पाकिस्तान ने इस वजह से लिया फैसला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के मीडिया मामलों के सलाहकार शाहिद रिंद का कहना है कि इस संबंध में पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी की थी कि गब्द-रिमदान और तफ्तान बॉर्डर क्रॉसिंग पर व्यापार बंद कर दिया गया है। इसका मकसद सीमा पर सुरक्षा को बेहतर करना, तस्करी रोकना और दोनों ओर की प्रशासनिक समस्याओं को दूर करना है। उन्होंने आगे बताया कि दोनों देशों के अधिकारी इन मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत कर रहे हैं। साथ ही, उम्मीद जताई कि जल्द ही इन मार्गों को खोल दिया जाएगा और व्यापार शुरू हो जाएगा।

ईरान ने व्यापार बंद होने पर क्या कहा?

इस मामले में ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बताया कि बॉर्डर पर लगाई गई रोक अस्थायी है। हालांकि, इस दौरान उन्होंने सुरक्षा और तस्करी की वजह नहीं बताई, बल्कि तकनीकी समस्याओं का जिक्र किया। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने बताया कि दोनों देश फिर से व्यापार बहाल करने पर चर्चा कर रहे हैं।

बताते चलें कि पाकिस्तान और ईरान के बीच लगभग 909 किलोमीटर लंबी सीमा है, जहां तफ्तान-मिरजावेह, गब्द-रिमदान, मंड और चडगी समेत चार आधिकारिक बॉर्डर क्रॉसिंग भी हैं।

Created On :   18 Oct 2026 10:55 PM IST

Tags

Next Story