Pakistan Train Accident: पाकिस्तान में नहीं थम रहा रेल हादसों का सिलसिला, अब मुल्तान के पास पटरी से उतरी ट्रेन, 6 की मौत, 5 साल में 500 से ज्यादा लोगों की गई जान

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार की सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेन सुबह करीब सवा 5 बजे शेर शाह इलाके में पटरी से उतरी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद ट्रेन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहजाब शरीफ ने हादसे में घायल हुए यात्रियों को लेकर चिंता जाहिर की और उनके इलाज में तेजी लाने के निर्देश दिए। ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह क्या थी, इसके बारे में अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़े -पाकिस्तान में बलोच आर्मी ने ट्रेन की हाइजैक, सैकड़ों यात्री ट्रेन में फंसे, सबको उड़ा देने की दी धमकी
5 साल में 500 से ज्यादा रेल हादसे
पाकिस्तान में रेल हादसे होना अब आम सी बात हो गई है। बीते 5 साल के आंकड़ों को देखें तो देश में 500 से ज्यादा रेल हादसे हो चुके हैं। कभी रेलवे की खराब हालत तो कभी पुराने ट्रैक और सिग्नल सिस्टम इन हादसों की वजह रहे और इनमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान (APP) की रेल हादसों को लेकर जारी रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 2019 से लेकर 2023 तक कुल 537 हादसे दर्ज किए गए।
इस रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाल से बताया गया था कि इन हादसों में 32 फीसदी तो ऐसे थे जो बिना कर्मचारी वाले रेलवे क्रॉसिंग पर हुए।
यह भी पढ़े -हाईजैक हुई ट्रेन में लोगों को मारने के पैटर्न पर हो रहा था काम, जानें कैसे और कितनों को मारा, रेस्क्यू हुए लोगों ने बताया आंखों देखा हाल
पाकिस्तान में हुए 5 बड़े रेल हादसे
7 जून 2021 - दो यात्री ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में 31 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 100 से ज्यादा घायल हुए।
31 अक्टूबर 2019 - गैस सिलेंडर ब्लास्ट के चलते तेजगाम एक्सप्रेस के तीन डिब्बों में आग लग गई थी। इस हादसे में 74 लोगों की दर्दनाक मौत हुई और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए।
11 जुलाई 2019 - अकबर एक्सप्रेस की टक्कर एक मालगाड़ी से हो गई थी। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई और 85 लोग घायल हुए। हादसे की वजह ट्रेन का ट्रैक बदलने में देरी बताई गई थी।
19 दिसंबर 2007 - कराची एक्सप्रेस के 16 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इस हादसे में 50 लोगों की मौत हुई और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए।
13 जुलाई 2005 - तीन यात्री ट्रेनों के आपस में टकराने से कम से कम 130 लोगों की मौत हुई और करीब 170 लोग घायल हुए।
Created On :   13 Oct 2026 4:10 PM IST













