प्राकृतिक आपदा: पनामा में फिर कांपी धरती, 6.1 तीव्रता के भूकंप से मची हलचल; सुनामी का खतरा टला

पनामा में फिर कांपी धरती, 6.1 तीव्रता के भूकंप से मची हलचल; सुनामी का खतरा टला
पनामा में अमेरिकी दूतावास ने मध्य और दक्षिण अमेरिका के 9 देशों में संभावित झटकों और सुनामी के खतरे को लेकर चेतावनी दी थी। अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने पहले कुछ तटीय इलाकों में सुनामी की आशंका जताई थी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पनामा में मंगलवार 13 अक्टूबर की सुबह एक बार फिर अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 बताई गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) से मिली जानकारी के मुताबिक भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 4 बजकर 50 मिनट 37 सेकंड पर महसूस किए गए। भूकंप की गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे बताई जा रही है। अभी तक भूकंप से जान-माल हानि की जानकारी सामने नहीं आई है। राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। उन्होंने प्रभावित अस्पताल का दौरा भी किया था, जहां मरीजों को बाहर निकालकर खुले में इलाज दिया गया।

पनामा में अमेरिकी दूतावास ने मध्य और दक्षिण अमेरिका के 9 देशों में संभावित झटकों और सुनामी के खतरे को लेकर चेतावनी दी थी। अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने पहले कुछ तटीय इलाकों में सुनामी की आशंका जताई थी, लेकिन बाद में कहा कि अब खतरा नहीं है। भूकंप से पनामा में पब्लिक ट्रांसपोर्ट और एयर सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं। एहतियात के तौर पर दो मेट्रो लाइनों पर सेवाएं रोक दी गई थीं। मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हवाई यात्रा का संचालन बंद है।

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भूकंप से प्रभावित पनामा के लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए एकजुटता दिखाई, और कहा भूकंप के बाद भारत पनामा की सरकार और लोगों के साथ खड़ा है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जो घायल हुए हैं या प्रभावित हुए हैं। खासकर उन परिवारों के साथ, जिन्हें नुकसान और मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।

आपको बता दें पनामा में इससे पहले भी शुक्रवार रात 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। शुक्रवार को आए भूकंप का केंद्र लॉस सैंटोस प्रांत में टोनोसी से करीब 39 किलोमीटर नॉर्थ- वेस्ट में था। इसके बाद कई और झटके महसूस किए गए। भूकंप से कई इलाकों में घरों, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, सड़कों और सरकारी इमारतों को नुकसान पहुंचा था। आपातकालीन संचालन केंद्र के निदेशक रेने गार्सिया ने समाचार एजेंसी सीएनएन को जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप के बाद 147 झटके आए थे। इनमें कुछ की तीव्रता 6.1 और 6.6 तक पहुंच गई थी। राजधानी पनामा सिटी में भी कुछ नुकसान हुआ था, लेकिन दक्षिणी तट पर स्थित कोक्ले प्रांत में अधिक नुकसान हुआ।

Created On :   13 Oct 2026 10:18 AM IST

Tags

Next Story