Panama Earthquake News: पनामा में भूकंप से भारी तबाही! 18 घंटे में 100 से ज्यादा झटके, 400 से अधिक इमारतों को नुकसान

डिजिटल डेस्क, पनामा सिटी। पनामा में 18 घंटे के भीतर 100 से ज्यादा बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इनमें अब तक 27 लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र राजधानी पनामा सिटी से करीब 200 किलोमीटर दूर स्थित अजुएरो प्रायद्वीप के पास था। इन झटकों के दौरान 400 से ज्यादा इमारतों को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते लोग डर के मारे घरों और दफ्तरों से बाहर निकल गए।
सरकार ने की अपील
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर को 7.6 तीव्रता के भूकंप के तेज झटके आए। इससे काफी नुकसान होने की खबर सामने आई है। इसके बाद सुनामी के खतरे को ध्यान में रखते हुए 9 देशों ने चेतावनी जारी की थी। हालांकि, कुछ घंटे बाद इसे वापस ले लिया गया। साथ ही प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और कमजोर इमारतों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
पनामा की सुरक्षा एजेंसी ने क्या बताया?
पनामा की नागरिक सुरक्षा एजेंसी का कहना है कि वेरागुआस, हेरेरा और लॉस सैंटोस समेत कई प्रांतों में काफी नुकसान हुआ है। पेनोनोमे शहर में एक चर्च का घंटाघर गिर गया और कई अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, वेरागुआस की सड़कों पर दरारें आने की भी खबर है।
नागरिक सुरक्षा सेवा के अधिकारियों के मुताबिक, इस प्राकृतिक आपदा में कई लोग घायल हुए हैं। इनमें एक व्यक्ति पेनोनोमे में मलबा गिरने से घायल हुआ है।
यह भी पढ़े -अफगानिस्तान में भूकंप ने डराया, अचानक कांप उठी धरती, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.3
9 देशों ने जारी किया सुनामी अलर्ट
भूकंप आने के बाद मध्य और दक्षिण अमेरिका के कई तटीय इलाकों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया गया था। इनमें पनामा, कोस्टा रिका, अल सल्वाडोर, पेरू, मेक्सिको, ग्वाटेमाला, निकारागुआ, कोलंबिया और इक्वाडोर के तटीय इलाकों में गंभीर खतरे की चेतावनी दी गई थी।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, इसके बाद पनामा, कोलंबिया, इक्वाडोर, निकारागुआ और ग्वाटेमाला के तटों के लिए जारी चेतावनी वापस ले ली गई। अल सल्वाडोर और चिली के ईस्टर आइलैंड के लिए जारी अलर्ट भी हटा लिया गया था।
घरों तक पहुंचा पानी?
पनामा यूनिवर्सिटी के नेस्टर लुके ने बताया कि इस्ला कानास और लॉस सैंटोस के दक्षिणी तट के नजदीक 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई थी। इस्ला कानास में समुद्र का पानी कुछ घरों तक पहुंचने की जानकारी सामने आई।
हालांकि, भूकंप के बाद जांच के आदेश जारी किए गए। इस दौरान दो मेट्रो लाइनों और स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, टोकुमेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुछ घंटों के लिए बंद करना पड़ा।
Created On :   10 Oct 2026 8:35 PM IST












