Houthi-Saudi Arabia Tension: सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के लगातार हमले जारी, पायलट समेत तीन की मौत, राजधानी में भारी नुकसान

सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के लगातार हमले जारी, पायलट समेत तीन की मौत, राजधानी में भारी नुकसान
हूती विद्रोही लगातार सऊदी अरब को निशाना बना रहे हैं। बताया जा रहा है कि ताजा हमले में तीन नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

डिजिटल डेस्क, रियाद। हूती विद्रोही लगातार सऊदी अरब को निशाना बना रहे हैं। बताया जा रहा है कि ताजा हमले में तीन नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में एक पायलट भी शामिल है। इसके अलावा, राजधानी रियाद में भारी नुकसान होने की बात सामने आई है। हूतियों ने गुरुवार को कई इलाकों में ताबड़तोड़ धमाके किए थे।

कई देशों के लोग हुए घायल

सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तीन सऊदी नागरिकों की जान चली गई। इनमें देश की राष्ट्रीय एयरलाइन का एक पायलट भी शामिल है। प्राधिकरण ने बताया कि इस दौरान अलग-अलग देशों के कई अन्य लोग घायल हुए हैं। यह घातक हमला गुरुवार को हुआ था।

एयरलाइन ने जारी किया बयान

इस हमले के बाद शुक्रवार को एक शोक संदेश जारी किया गया, जिसमें पायलट की पहचान कैप्टन हमूद अली अल-कलथामी के तौर पर हुई है। इस मामले में एयरलाइन ने बताया, "बहुत दुख के साथ सऊदी एयरलाइंस कैप्टन हमूद अली अल-कलथामी के निधन की घोषणा करती है, जिनकी मौत गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई घटना में हो गई।"

इन्हें पहुंचा भारी नुकसान

इसके अलावा, देश के नागरिक सुरक्षा विभाग का कहना है कि गुरुवार को रियाद में एक किंडरगार्टन और एक मेडिकल क्लिनिक परिसर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। यह नुकसान हूती बैलिस्टिक मिसाइल के मलबे के गिरने से हुआ। मिसाइल को सऊदी राजधानी के ऊपर ही नष्ट कर दिया गया था। एजेंसी ने बताया कि मिसाइल के टुकड़े इमारतों पर गिरने से नुकसान पहुंचा। इसके बाद आपातकालीन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं।

इससे पहले भी हुआ था हमला

इससे पहले बुधवार को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया था। इसमें तीन लोगों की जान चली गई थी, जबकि 36 लोग घायल हो गए थे। इसकी पुष्टि सऊदी नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने की थी।

Created On :   9 Oct 2026 4:42 PM IST

Tags

Next Story