Sri Lanka News: श्रीलंका में पूर्व फर्स्ट लेडी गिरफ्तार, महिंदा राजपक्षे की पत्नी पर 1 करोड़ के स्कैम का आरोप

श्रीलंका में पूर्व फर्स्ट लेडी गिरफ्तार, महिंदा राजपक्षे की पत्नी पर 1 करोड़ के स्कैम का आरोप
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी और एक्स फर्स्ट लेडी शिरांति राजपक्षे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई देश की भ्रष्टाचार निरोधक संस्था (CIABOC) ने की है।

डिजिटल डेस्क, कोलंबो। श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी और एक्स फर्स्ट लेडी शिरांति राजपक्षे को एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई देश की भ्रष्टाचार निरोधक संस्था (CIABOC) ने की है। बताया जा रहा है कि उन्हें एक करोड़ रुपये (श्रीलंकाई रुपये) के स्कैम के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। देश के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी एक्स फर्स्ट लेडी को भ्रष्टाचार के मामले में हिरासत में लिया गया है।

मशीन नहीं खरीदने के लगे आरोप

मामले के जांच अधिकारियों का कहना है कि यह मामला पब्लिक फंड स्कैम यानी NGO 'सिरिलिया साविया' से जुड़ा है। आरोप है कि कोलंबो के लेडी रिडवे चिल्ड्रंस हॉस्पिटल के लिए सीटी स्कैनर मशीन खरीदने के लिए चंदा लिया गया था, लेकिन अस्पताल में मशीन नहीं लाई गई। यह भी बताया गया है कि इस रकम का इस्तेमाल गलत तरीके से किया गया।

न्यायिक हिरासत में भेजा

बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी ने पहले शिरांति राजपक्षे के किरुलापोने स्थित आवास पर उनका बयान दर्ज किया। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिर उन्हें कोलंबो के मुख्य मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 13 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

खास बात यह रही कि शिरांति राजपक्षे दो दिन पहले ही विदेश से मेडिकल इलाज करवाकर श्रीलंका लौटी थीं। उनके वकीलों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले ही अग्रिम जमानत याचिका दायर कर दी थी।

राजपक्षे परिवार के इन सदस्यों पर भ्रष्टाचार के आरोप

महिंदा राजपक्षे साल 2005 से 2015 तक देश के राष्ट्रपति पद पर रहे। वहीं, उनके छोटे भाई गोटबाया राजपक्षे को साल 2022 में देश के आर्थिक संकट और जन-आंदोलन के चलते इस्तीफा देना पड़ा था। इसके अलावा, महिंदा राजपक्षे के बड़े बेटे और विपक्षी सांसद नमल राजपक्षे पर भी कई भ्रष्टाचार के मामलों के आरोप लगे हैं। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं। हालांकि, राजपक्षे परिवार इन आरोपों को हमेशा से खारिज करता आया है।

Created On :   7 Oct 2026 9:49 PM IST

Tags

Next Story