Pakistan Protest: इमरान खान की रिहाई को लेकर PTI का शक्ति प्रदर्शन, सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान में एक बार फिर बड़ा आंदोलन देखने को मिला है। यह प्रदर्शन पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के कार्यकर्ता अपने नेता और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल से रिहाई को लेकर कर रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, पीटीआई का यह प्रदर्शन खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत इलाके में आयोजित है। शुरुआत में इस प्रदर्शन में 5,000 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात बताई जा रही है, जो देखते ही देखते हजारों लोगों के जनसैलाब में बदल गया।
यह भी पढ़े -पाकिस्तानी सेना ने छात्र नेता को दस साल पहले किया था गायब, बलूच स्टूडेंट संगठन की अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भावुक अपील
4 अक्टूबर तक टल गया था मार्च
जानकारी के मुताबिक, इस मार्च का आयोजन 27 सितंबर को करने की घोषणा की गई थी। लेकिन इसे 4 अक्टूबर तक इसलिए टाल दिया गया था, क्योंकि सरकार के साथ पीटीआई पदाधिकारियों की बातचीत चल रही थी। हालांकि, इन चर्चाओं के दौरान दोनों पक्ष किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाए। इस बातचीत में पार्टी ने अपनी मुख्य मांगों को दोहराते हुए इमरान खान की रिहाई और जेल में उनसे डॉक्टर एवं परिवार के सदस्यों की मुलाकात से जुड़े मुद्दे रखे थे। दोनों पक्षों के बीच हुई चर्चा नाकाम रहने के बाद पार्टी ने 4 अक्टूबर को बताया था कि कार्यकर्ता बड़ा मार्च निकालेंगे।
कई इलाकों से पार्टी समर्थकों के काफिले
पीटीआई ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो जारी किए हैं, जिसमें नजर आ रहा है कि खैबर पख्तूनख्वा के अलग-अलग इलाकों से पार्टी समर्थकों के काफिले निकल रहे हैं। प्रांत के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने भी इस मार्च को जारी रखने की बात कही है। उनके मुताबिक, यह मार्च अगले गुरुवार तक खैराबाद पहुंचने की उम्मीद है। यह क्षेत्र देश की राजधानी इस्लामाबाद से लगभग 80 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। उन्होंने आगे बताया कि मार्च के अगले चरण की जानकारी बाद में दी जाएगी।
यह भी पढ़े -फैंस के लिए खुशखबरी, टूर्नामेंट में एक-दो नहीं, तीन बार देखने को मिल सकता है भारत-पाकिस्तान महामुकाबला, यहां देखें शेड्यूल
सरकार ने किए पुख्ता इंतजाम
पाकिस्तान सरकार ने पीटीआई के मार्च के ऐलान के बाद इस्लामाबाद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के कदम उठाए हैं। राजधानी तक पहुंचने वाली सड़कों और एंट्री प्वाइंट पर बड़े-बड़े शिपिंग कंटेनर लगा दिए गए हैं। इस वजह से सामान्य यातायात और सामान की आवाजाही भी प्रभावित होने की जानकारी मिली है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि सरकार ने राजधानी और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए हैं। सितंबर से ही कई क्षेत्रों में पीटीआई कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार किया गया था।
Created On :   5 Oct 2026 4:22 PM IST












