Captain Smith Machhar Health Update: 174 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मछार की सेहत में सुधार, भारतीय दूतावास ने जारी किया नया हेल्थ अपडेट

डिजिटल डेस्क, अबू धाबी। फ्लाईदुबई की फ्लाइट में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार का नया हेल्थ अपडेट सामने आया है। उन्होंने दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भरी थी। इस दौरान उनके ही को-पायलट ने चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर अवस्था में उन्हें सऊदी अरब के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उन्हें राजधानी अबू धाबी में एयरलिफ्ट कर दिया गया था। यूएई में स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को एक बयान जारी किया है। इसमें बताया गया है कि कैप्टन स्मित की देखभाल अच्छे मेडिकल के साथ की जा रही है। साथ ही, उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। दूतावास ने बताया कि वह लगातार उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
को-पायलट ने क्यों किया हमला?
यह हादसा 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुआ था। प्लेन ने दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भरी थी। बीच रास्ते में को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यूएई के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी ने बताया कि को-पायलट ने क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) से कैप्टन पर वार किया था, ताकि वह विमान का कंट्रोल अपने हाथों में ले सके।
यह भी पढ़े -दुबई के क्राउन प्रिंस ने अस्पताल में कैप्टन स्मित मच्छार से की मुलाकात, साहस की सराहना की
कैप्टन ने नहीं हारी हिम्मत
शम्सी ने आगे बताया कि कैप्टन मछार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने मिलकर हमलावर को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि इस हमले के बाद विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया था। इस विमान में 174 लोग यात्रा कर रहे थे। घटना के दौरान प्लेन करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान तेजी से नीचे की तरफ आया और 17 हजार फीट से ज्यादा की ऊंचाई खो दी। विमान की आपातकालीन लैंडिंग सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट पर कराई गई।
Created On :   3 Oct 2026 7:19 PM IST












