Captain Smith Health Update: हमले में घायल हुए कैप्टन स्मित मछार की सेहत को लेकर आया बड़ा अपडेट, UAE स्थित भारतीय दूतावास की कड़ी नजर

डिजिटल डेस्क, अबू धाबी। फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 174 लोगों की जान बचाने वाले जांबाज भारतीय कैप्टन स्मित मछार की सेहत को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) स्थित भारतीय दूतावास का कहना है कि कैप्टन मछार की स्वास्थ्य स्थिति बेहतर है और वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। फ्लाईदुबई की उड़ान FZ 1073 के कॉकपिट में को-पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया था। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि हमलावर ने कथित तौर पर विमान को नीचे गिराने का प्रयास किया था, जिसे भारतीय कैप्टन ने अपनी बहादुरी दिखाते हुए उसका मुकाबला किया और उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
यह भी पढ़े -जांबाज कैप्टन पायलट स्मित मछार एयरलिफ्ट, इलाज के लिए UAE के अस्पताल में भर्ती, 170 यात्रियों की जान बचाने के लिए कोपायलट से भिड़ गए थे
पूरी दुनिया कर रही तारीफ
कैप्टन मछार पर चाकू से हुए हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए, इसके बावजूद उन्होंने 174 यात्रियों से भरे विमान को नीचे गिरने नहीं दिया। उनके साहस और बहादुरी की सराहना पूरी दुनिया कर रही है। उन पर खतरनाक हमला होने के बाद भी वह विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराने में सफल हुए। UAE स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार (1 अक्टूबर, 2026) को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी की है। इसमें भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल पहुंचकर कैप्टन मछार और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।
यह भी पढ़े -जांबाज भारतीय पायलट ने 9/11 जैसा हमला होने से रोका? फ्लाईदुबई के प्लेन में गुजराती मूल के कैप्टन की बहादुरी से बची 180 पैसेंजर की जान
कैप्टन मछार की सेहत पर भारतीय राजदूत ने क्या कहा?
भारतीय राजदूत दीपक मित्तल ने कैप्टन मछार की सेहत को लेकर बताया, "कैप्टन मछार की स्वास्थ्य स्थिति बेहतर है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं।" बताया जा रहा है कि घटना के बाद कैप्टन को उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक शहर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके एक दिन बाद यानी गुरुवार को उन्हें यहां से UAE के एक अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। UAE स्थित भारतीय मिशन का कहना है, "दूतावास उनका निरंतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।"
Created On :   1 Oct 2026 11:28 PM IST











