Indian Captain Flydubai: जांबाज भारतीय पायलट ने 9/11 जैसा हमला होने से रोका? फ्लाईदुबई के प्लेन में गुजराती मूल के कैप्टन की बहादुरी से बची 180 पैसेंजर की जान

जांबाज भारतीय पायलट ने  9/11 जैसा हमला होने से रोका? फ्लाईदुबई के प्लेन में गुजराती मूल के कैप्टन की बहादुरी से बची 180 पैसेंजर की जान
दुबई से तेल अवीव की ओर जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हुई कथित झड़प के बाद हड़कंप मच गया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। दुबई से तेल अवीव की ओर जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हुई कथित झड़प के बाद हड़कंप मच गया। इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के भारतीय कैप्टन और ओमानी को-पायलट के बीच विवाद हुआ। इस दौरान कैप्टन पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद उन्होंने विमान पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे क्रैश होने से बचाया।

घटना के बाद फ्लाइट को अपने निर्धारित गंतव्य तेल अवीव के बजाय सऊदी अरब के तबूक डायवर्ट किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी लैंडिंग में मदद की। विमान में 180 से अधिक लोग सवार थे। इजराइली मीडिया ने इस घटना की तुलना बेहद गंभीर विमानन घटनाओं से करते हुए इसे बड़ी दुर्घटना टलने के तौर पर पेश किया है।

कॉकपिट में क्या हुआ?

इजराइल के Ynet News और Channel 12 की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के भारतीय कैप्टन और ओमानी को-पायलट के बीच कॉकपिट में कहासुनी हुई थी। इसके बाद स्थिति हिंसक हो गई। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कैप्टन पर चाकू से हमला किया गया। घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में रखा।

फ्लाइट में मौजूद कुछ यात्रियों ने Channel 12 को बताया कि उन्होंने विमान के अगले हिस्से से चीखने और पायलटों के बीच बहस की आवाजें सुनी थीं। यात्रियों के मुताबिक, कुछ समय के लिए विमान का झुकाव भी असामान्य तरीके से नीचे की ओर हुआ।

अचानक बदला विमान का रास्ता

उड़ान की निगरानी से जुड़े सार्वजनिक आंकड़ों के अनुसार, दुबई से उड़ान भरने के कुछ समय बाद विमान की ओर से आपात संकेत भेजा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब ढाई घंटे की उड़ान के बाद विमान कुछ ही समय में लगभग 33 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया और करीब 17 हजार फीट पर पहुंच गया।

इसके बाद विमान ने जॉर्डन की सीमा के आसपास कई बार दिशा बदली और कुछ समय तक चक्कर लगाने के बाद सऊदी अरब के तबूक की ओर बढ़ गया। करीब एक घंटे बाद विमान ने तबूक में लैंडिंग की।

इजराइल ने भेजे लड़ाकू विमान

घटना के दौरान विमान के अपहरण की आशंका भी जताई गई। इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में बड़ी संख्या में इजराइली नागरिक सवार थे। इसी वजह से इजराइल की ओर से संभावित खतरे को देखते हुए लड़ाकू विमान भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

हालांकि, फ्लाईदुबई ने अपनी आधिकारिक जानकारी में कॉकपिट विवाद या चाकू से हमले की पुष्टि नहीं की है। एयरलाइन ने कहा कि फ्लाइट FZ1073 में एक तकनीकी या आपात स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से तबूक डायवर्ट किया गया। कंपनी ने बताया कि उसकी टीम संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर घटना की जांच में सहयोग कर रही है और अधिक जानकारी मिलने पर अपडेट जारी किया जाएगा।

ओमानी को-पायलट भी जांच के घेरे में

घटना के बाद ओमानी को-पायलट की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इजराइल जाने वाली इस फ्लाइट में उसकी तैनाती कैसे हुई और आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाएं किस तरह पूरी की गई थीं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल जाने वाली उड़ानों के विदेशी क्रू सदस्यों की सुरक्षा जांच की जाती है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या को-पायलट के पास किसी अन्य देश की नागरिकता थी या उसकी पृष्ठभूमि से जुड़ी कोई ऐसी जानकारी थी, जिसका इस मामले से संबंध हो सकता है।

Channel 12 के अनुसार, को-पायलट ने एयरलाइन में करीब एक साल से भी कम समय पहले काम शुरू किया था।

दोनों पायलट अस्पताल में भर्ती

Ynet News की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद भारतीय कैप्टन और ओमानी को-पायलट दोनों को सऊदी अरब के तबूक स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जांच जारी है और कॉकपिट में हुई घटना की वास्तविक वजह तथा घटनाक्रम को लेकर अधिकारियों की रिपोर्ट का इंतजार है।

बोइंग 737 मैक्स 8 था विमान

फ्लाइट FZ1073 में Boeing 737 MAX 8 विमान का इस्तेमाल किया गया था। यह दो इंजन वाला सिंगल-आइल यात्री विमान है, जिसका दुनियाभर में बड़ी संख्या में इस्तेमाल होता है। फ्लाईदुबई, अमीरात समूह से जुड़ी कम लागत वाली एयरलाइन है और इसका पूरा बेड़ा बोइंग 737 परिवार के विमानों पर आधारित है।

Created On :   30 Sept 2026 8:32 PM IST

Tags

Next Story